‘जम्मू-कश्मीर के लिए यह गर्व का पल’, पहली बार रणजी ट्रॉफी खिताब जीतने पर पीएम मोदी ने दी बधाई

0
8

नई दिल्ली, 28 फरवरी (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर ने 67 साल का सूखा खत्म करते हुए शनिवार को रणजी ट्रॉफी के खिताब को पहली बार अपने नाम किया। कर्नाटक के खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट 2025-26 के फाइनल मैच में जम्मू-कश्मीर ने ड्रॉ खेला। पहली पारी के आधार पर मिली बड़ी बढ़त के दम पर जम्मू-कश्मीर चैंपियन बना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ऐतिहासिक जीत को जम्मू-कश्मीर के लिए गर्व का पल बताया है।

प्रधानमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर जम्मू-कश्मीर की टीम को बधाई दी। उन्होंने लिखा, “जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीतने पर बधाई। यह ऐतिहासिक जीत टीम के धैर्य, अनुशासन और जुनून को दिखाती है। यह जम्मू और कश्मीर के लोगों के लिए गर्व का पल है और यह वहां बढ़ते खेल के जुनून और टैलेंट को दर्शाता है। उम्मीद है कि यह कामयाबी कई युवा खिलाड़ियों को बड़े सपने देखने और खेलने के लिए प्रेरित करेगी।”

कर्नाटक के खिलाफ खिताबी मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 584 रन बनाए। टीम की ओर से शुभम पुंडीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शतकीय पारी खेली। उन्होंने 121 रन बनाए, जबकि यावर हसन ने 88 रनों का योगदान दिया।

इसके जवाब में कर्नाटक की पूरी टीम 293 रन बनाकर सिमट गई और जम्मू-कश्मीर को पहली पारी के आधार पर 291 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की। कर्नाटक की तरफ से मयंक अग्रवाल ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 160 रनों की लाजवाब पारी खेली। हालांकि, उन्हें बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। जम्मू-कश्मीर की ओर से गेंदबाजी में औकिब नबी डार ने 54 रन देकर 5 विकेट चटकाए, जबकि युद्धवीर सिंह और सुनील कुमार ने दो-दो विकेट निकाले।

दूसरी पारी में भी जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा। कमरान इकबाल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 16 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 160 रनों की दमदार पारी खेली। अब्दुल समद ने 32 रनों का योगदान दिया। वहीं, साहिल लोत्रा ने भी 101 रनों की नाबाद पारी खेली। गेंदबाजी में कर्नाटक की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट चटकाए। खिताबी मुकाबले में जम्मू-कश्मीर की टीम कर्नाटक पर पूरी तरह से हावी रही और उन्हें वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया।