नई दिल्ली, 2 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ 97 रनों की नाबाद विस्फोटक पारी खेल भारतीय टीम को न सिर्फ जीत दिलायी, बल्कि सेमीफाइनल का टिकट भी दिलाया। दबाव की स्थिति में खेली गई संजू की यह पारी लंबे समय तक याद रखी जाएगी।
वेस्टइंडीज के खिलाफ हुए इस मैच से पहले पूर्व भारतीय स्पिनर आर अश्विन ने सैमसन की क्षमता पर भरोसा जताया था और न सिर्फ वेस्टइंडीज मैच बल्कि सेमीफाइनल और फाइनल में भी उनके बेहतर प्रदर्शन की दुआ मांगी थी।
आर अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा था, “मैं संजू सैमसन को बताना चाहता हूं कि इससे बेहतर मौका नहीं मिलेगा। मेरी प्रार्थना है कि तुम्हें अच्छी शुरुआत मिलेगी और तुम उसे बड़ी पारी में तब्दील करोगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इससे बड़ा मंच और अवसर आपको नहीं मिलेगा। इतने सालों की मेहनत के बाद आपको एक अच्छा अवसर मिला है। इसे भुनाइये।”
अश्विन ने कहा कि मेरी तरफ से उनका सपना यही रहना चाहिए कि अगले तीन मैचों में लगातार शतक लगाते हुए इस विश्व कप को समाप्त करें। अगर 3 नहीं तो 2 या 1 भी चलेगा। चलो शतक को भूल जाओ। मैं चाहता हूं कि वह मैच जिताऊ पारी खेले। यह उसके आत्मविश्वास के लिए जरूरी है। उसकी दुनिया बदल जाएगी। वह इसे डिजर्व करता है। इसके योग्य है।
सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में अश्विन के अपने ऊपर जताए भरोसे को सही साबित किया और भारत को सेमीफाइनल का टिकट दिलाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई।
वेस्टइंडीज ने भारतीय टीम को 196 रन का लक्ष्य दिया था। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने एक-एक कर अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या के विकेट गंवा दिए, लेकिन जो पारी की शुरुआत से ही क्रीज पर खड़ा था और तूफानी अंदाज में रन बना रहा था, वह थे संजू सैमसन। सैमसन ने 50 गेंद पर 12 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 97 रन की पारी खेल भारत का स्कोर 19.2 ओवर में 5 विकेट पर 199 पर पहुंचाकर 5 विकेट से जीत दिला दी।
टी20 विश्व कप में भारत का यह सबसे बड़ा चेज था। वहीं, चेज के दौरान संजू सैमसन की पारी सबसे बड़ी पारी थी। उन्होंने विराट कोहली (नाबाद 82) को पीछे छोड़ा। सैमसन को उनकी पारी के लिए मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। भारतीय टीम सेमीफाइनल में भी उनसे ऐसी ही पारी की उम्मीद करेगी।

