भोपाल, 2 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में होली उत्सव के मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव के आवास सहित अन्य स्थानों पर होलिका का दहन किया गया। इस पर्व को लेकर मुख्यमंत्री व राज्यपाल मंगुभाई पटेल सहित अन्य नेताओं ने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होलिका की विधि-विधान से सपत्नीक पूजा-अर्चना कर होलिका का दहन किया। होलिका में गौ-काष्ठ का उपयोग किया गया। मुख्यमंत्री यादव की धर्मपत्नी सीमा यादव, अन्य परिजन एवं म.प्र. हिंदी ग्रंथ अकादमी के निदेशक अशोक कड़ेल भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में पदस्थ सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों को होली की बधाई देकर प्रसादी के रूप में गुझिया वितरित की।
मुख्यमंत्री यादव ने होलिका दहन कर प्रदेशवासियों को रंग पर्व की बधाई और मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली हम सबको रंगों से सराबोर कर देने वाला त्यौहार है। होली हमें एकजुट रहने की सीख देती है। हम सभी को अपने आपसी मतभेदों को भुलाकर होली से रंगपंचमी तक प्रेमपूर्वक यह त्यौहार मनाना चाहिए।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने रंगों के पावन पर्व होली की प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा है कि होली आपसी प्रेम, सौहार्द्र, भाईचारे और सामाजिक समरसता का त्यौहार है। यह उत्सव, हमारे जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता का संचार करता है। रंगों का त्यौहार होली प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और प्रगति लेकर आए। सभी के जीवन में आनंद और उल्लास का संचार करें।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि होली प्रेम और आत्मीयता से रिश्तों को सुदृढ़ करने का अवसर भी है। यह पर्व हमें भेदभाव, ईर्ष्या और कटुता को त्यागकर सद्भाव, एकता और पारस्परिक सम्मान के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि विविधताओं से परिपूर्ण हमारे प्रदेश में होली का उत्सव सामाजिक एकता को और अधिक मजबूत बनाता है।
राज्यपाल पटेल ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि सभी नागरिक होली का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित, सौहार्द्रपूर्ण और पर्यावरण-अनुकूल तरीके से मनाएं। एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए त्यौहार की आत्मीय और गौरवशाली परंपराओं को सशक्त बनाने में योगदान दें।

