सभी संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेगी पुलिस : डीजीपी

0
8

लखनऊ, 3 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि होली पर किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति पैदा न हो, इसके लिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है। इसके लिए पुलिस-प्रशासन की तरफ से पूरी तैयारी की जा चुकी है। हम यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे कि होली के दौरान किसी भी प्रकार का खलल पैदा नहीं हो। सभी लोग खुशी और उमंग के साथ त्योहार मना सकें।

उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि होली का त्योहार भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। पुलिस-प्रशासन की तरफ से सभी लोगों को होली की ढेर सारी शुभकामनाएं। हम चाहते हैं कि सभी लोग पूरे उत्साह और उमंग के साथ यह त्योहार मनाएं। इस दिशा में पुलिस-प्रशासन की तरफ से रूपरेखा तैयार की जा चुकी है, जिसके तहत सभी काम किए जा रहे हैं।

डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि होली का उत्साव मनाते समय किसी को भी कोई समस्या न हो, इसके लिए राज्य सरकार की तरफ से सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की तैनाती की गई है। पूरे राज्य में पुलिस सभी गतिविधियों पर नजर बनाए रखेगी। सभी लोग अपने परिवार के साथ खुशी से यह त्योहार मनाएं, यही हमारी कोशिश है।

इस दौरान, उन्होंने प्रदेश के लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग होली के दौरान प्राकृतिक और सुरक्षित रंग का ही उपयोग करें। साथ ही, यह सुनिश्चित करें कि किसी को उसकी इच्छा के विरुद्ध रंग नहीं लगाया जाए।

डीजीपी ने होली के दिन प्रदेश के लोगों से यातायात के नियमों का गंभीरता से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेरा सभी लोगों से आग्रह है कि वो होली के मौके पर यातायात के नियमों का गंभीरता से पालन करें।

इन नियमों का पालन करने में किसी भी प्रकार की कोताही ना बरतें, क्योंकि ऐसा करने से अव्यवस्था की स्थिति पैदा होने की आशंका होती है। ऐसी स्थिति में हमारी कोशिश रहनी चाहिए कि हम सभी गंभीरतापूर्वक यातायात के नियमों का पालन करें, ताकि बाकी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।