नई दिल्ली, 3 मार्च (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म को लेकर चर्चा में है। यह प्रोजेक्ट उनके लिए बेहद खास बताया जा रहा है, क्योंकि यह उनके होमटाउन बलिया (उत्तर प्रदेश) से जुड़ा है। सिद्धांत ने छोटे शहर से निकलकर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है। ऐसे में अब उन्हें अपने ही शहर की कहानी को पर्दे पर लाने का मौका मिला, तो यह उनके लिए एक भावुक मोड़ बन गया।
सिद्धांत ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘गली बॉय’ से की थी, जिसमें उनके अभिनय को काफी सराहना मिली। इस फिल्म ने उन्हें रातोंरात पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने ‘गहराइयां’, ‘खो गए हम कहां’ और ‘धड़क 2’ जैसी फिल्मों में काम किया। इन फिल्मों में उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए और साबित किया कि वे सिर्फ एक ही तरह की भूमिका तक सीमित नहीं हैं।
अब अपने नए प्रोजेक्ट को लेकर सिद्धांत ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा, ”भले ही अभी फिल्म की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन मैं इस बारे में बात करना चाहता हूं। मैंने बलिया की जिंदगी को करीब से देखा और जिया है। वहां के लोग, वहां की संस्कृति, संघर्ष और सपने, इन सबका अनुभव मैंने खुद किया है। इसलिए मैं चाहता हूं कि इन असली अनुभवों को ईमानदारी से पर्दे पर उतारा जाए। मेरा मानना है कि जब कहानी अपने जीवन से जुड़ी हो, तो उसमें सच्चाई अपने आप आ जाती है।”
इस फिल्म के लिए सिद्धांत मशहूर निर्देशक अभिषेक चौबे के साथ काम कर रहे हैं।
सिद्धांत ने बताया, ”हम दोनों मिलकर एक दमदार और खास कहानी पर काम कर रहे हैं। इस कहानी को लेकर काफी चर्चा चल रही है और टीम इसे सही समय पर दर्शकों के सामने लाने की तैयारी में है। यह कमाल की कहानी है। मुझे उम्मीद है कि यह फिल्म दर्शकों को जरूर पसंद आएगी।”

