नई दिल्ली, 3 मार्च (आईएएनएस)। रंग और गुलाल से भरे खुशियों के त्योहार होली की शुरुआत हो चुकी है। देश भर में इस पारंपरिक पर्व की धूम देखने को मिल रही है। अलग-अलग जगह अनूठे अंदाज में होली के त्योहार को मनाया जा रहा है।
इसी बीच दिल्ली में होली के त्योहार को एक अनोखे अंदाज में मनाया गया। कोरियाई सांस्कृतिक केंद्र इंडिया ने मंगलवार को होली का एक विशेष आयोजन किया, जो कोरिया के पारंपरिक त्योहार ‘जियोंगवोल डेबोरेउम’ का भी प्रतीक है। इस उत्सव में भारत और कोरिया के त्योहारों को एक साथ अनोखे ढंग से मनाया गया, जहां लड़कियों की भारी तादाद में भीड़ देखी गई।
उत्सव में मौजूद लड़कियों ने मंगलवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए बताया, “हम यहां पढ़ती हैं और आज होली के साथ-साथ डेबोरेउम भी मना रही हैं। डेबोरेउम एक कोरियाई त्योहार है और यह होली से मिलता-जुलता है। उन्होंने कहा, “हम होली इसलिए मनाते हैं ताकि हमारी फसलें अच्छी और हमारा जीवन सुखमय हो, और डेबोरेउम को मानने का उद्देश्य भी यही है।”
लड़कियों ने आगे बताया, “डेबोरेउम कोरिया एक ऐसा फेस्टिवल है, जिसमें फुल मून को दर्शाया जाता है। इस त्योहार में हम लोग नट्स, जैसे अखरोट, को तोड़कर अपने नए जीवन की शुरुआत करते हैं। इसी के साथ ही हमने यहां होली को भी मनाया है, जो कि यहां पर बहुत ही धूमधाम के साथ मनाया जाता है।
उत्सव के दौरान लोगों को कोरियाई मिठाई भी खाने को मिला है, जो कि गुड़ और चावल से बनता है। इसी के साथ उन्होंने हमें चाय में कुछ नट्स डालकर दिए, जो कि खाने में काफी स्वादिष्ट है।”
लड़कियों ने भारत और कोरिया के पारंपरिक त्योहारों को बड़े उत्साह के साथ मनाया। इस उत्सव के दौरान नृत्य प्रतियोगिताएं, खेल और अन्य कई कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां सब एक दूसरे को रंग लगाते, नाचते और झूमते नजर आए।
‘जियोंगवोल डेबोरेउम’ कोरियाई चंद्र कैलेंडर का एक पारंपरिक त्योहार है, जो अच्छी फसल, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना के लिए मनाया जाता है। इस त्योहार को होली की तरह ही आग जलाने, विशेष पारंपरिक व्यंजन खाने और लोक खेलों के साथ खुशियां बांटते हुए मनाया जाता है।

