ईरान ‘अभी रुका नहीं है’, हालात पर पूरी नजर: राष्ट्रपति पेजेशकियान

0
15

तेहरान, 3 मार्च (आईएएनएस)। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने दावा किया है कि उनका देश रुक नहीं गया है, बल्कि सियासी नेताओं और देश भर के गवर्नरों से संपर्क साधे हुए है।

ईरानी राष्ट्रपति ने एक्स पर कहा, “जरूरी अधिकारियों को प्रांत सौंपकर, फैसले तेजी से और स्थानीय हालात के हिसाब से लिए जाते हैं।”

उनका ये बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दावा कर चुके हैं कि सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई समेत 48 शीर्ष अधिकारियों को मार गिराया गया है। रविवार को ये खबर आम हो गई कि खामेनेई मार दिए गए हैं, इसके बाद से ईरान के हालात को लेकर अलग-अलग तरह के बयान सामने आने लगे। देश कैसे चलेगा, इसे लेकर सवाल उठने लगे।

यूएस-इजरायल के संयुक्त हमले के बाद ईरान ने भी जवाबी हमले किए। उसने कतर, यूएई, ओमान, बहरीन समेत सभी खाड़ी देशों में यूएस बेस पर हमले तेज कर दिए। पश्चिमी एशिया में अमेरिका के सहयोगियों के ऊपर मिसाइलें और ड्रोन दागे जा रहे हैं।

खामेनेई की हत्या ईरान के लिए बहुत बड़ा झटका है। उनके मारे जाने के बाद सिर्फ ईरान ही नहीं, बल्कि भारत समेत दुनियाभर में अमेरिका और इजरायल के विरोध में प्रदर्शन हुए, नारेबाजी हुई।

इजरायल ने शनिवार को तेहरान में उस इमारत पर बमबारी की थी, जहां खामेनेई मीटिंग कर रहे थे। इन्हीं हमलों में खामेनेई मारे गए।

उनकी मौत के बाद कई देशों में शिया समुदाय के लोग सड़कों पर उतर आए और अमेरिका के खिलाफ आवाज बुलंद करने लगे। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के नए नेता उनसे बात करने की ख्वाहिश रखते हैं, हालांकि ईरानी विदेश मंत्रालय ने इसका तुरंत खंडन भी किया।

इसके बाद मंगलवार को एक बार फिर ट्रंप ने दावा किया कि ईरान बात करने का इच्छुक था लेकिन अब बहुत देर हो चुकी है।

खैर, इन्हीं सब जवाब-सवाल के बीच ईरान जता रहा है कि शीर्ष नेतृत्व के खात्मे से वो उबर चुका है और अपनी पूरी ताकत से देश को बचाने की मुहिम में जुटा है।