Saturday, June 20, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति पश्चिम बंगाल: राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में नामित पर बोले राहुल सिन्हा,...

पश्चिम बंगाल: राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में नामित पर बोले राहुल सिन्हा, पार्टी की नजर सब पर है

0
20

कोलकाता, 4 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल से राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में नामित होने पर भाजपा नेता राहुल सिन्हा का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने साबित कर दिया है कि पार्टी में कार्यकर्ता का महत्व है। अवसर की प्रतीक्षा कर रहे लोगों को संदेश दिया है कि पार्टी हर कार्यकर्ता का ख्याल रखती है। उन्होंने कहा कि पार्टी में जो लोग बहुत दिन से काम कर रहे हैं, उन लोगों को संदेश गया कि पार्टी सभी लोगों पर ध्यान रखती है।

राहुल सिन्हा ने कहा कि पार्टी की नजर सब पर है। अगर कोई कार्यकर्ता हताश होगा तो उसको भी मौका मिलने की उम्मीद रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता में एक नया उमंग और नया जोश आएगा। इस चुनाव में कार्यकर्ता बड़ा बल देंगे। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर बंगाल की रक्षा करनी है। बंगाल के पाप को धोना है और बंगाल को प्रतिष्ठित करना है। पार्टी के लोग एक साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि ये तो पहली झांकी है, असली खेल बाकी है।

बता दें कि पश्चिम बंगाल भाजपा ने मंगलवार को पार्टी के पूर्व नेशनल सेक्रेटरी और पूर्व स्टेट पार्टी प्रेसिडेंट राहुल सिन्हा को राज्य से राज्यसभा के लिए उम्मीदवार घोषित किया। साथ ही पार्टी ने यह भी कहा कि राहुल सिन्हा पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ और जाने-माने राजनीतिक नेता हैं। वे पहले राज्य भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके कार्यकाल के दौरान राज्य में भाजपा का संगठन मजबूत हुआ और पार्टी ने विभिन्न आंदोलन और गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्हें बेबाक और मुखर राजनीतिक रुख के लिए जाना जाता है।

इसके अलावा, उन्होंने भाजपा के नेशनल सेक्रेटरी के तौर पर भी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी लगन और ईमानदारी के साथ निभाया। पार्टी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल की राजनीति में उनकी मौजूदगी एक मजबूत विपक्ष की आवाज के रूप में महत्वपूर्ण है। राज्य में कुल पांच राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव होंगे। इनमें से सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस को चार सीटें मिलने की संभावना है, जबकि भाजपा को एक सीट से संतोष करना पड़ेगा।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने पिछले सप्ताह ही अपने चार उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए थे। यदि इस बीच कोई अन्य उम्मीदवार नामांकन दाखिल नहीं करता है तो चुनाव प्रक्रिया नहीं होगी, और तृणमूल कांग्रेस के चार उम्मीदवार तथा भाजपा का एक उम्मीदवार निर्विरोध राज्यसभा के लिए चुने जाएंगे।