कोलकाता, 4 मार्च (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका ने टी20 विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को जीत के लिए 170 रन का लक्ष्य दिया है। दक्षिण अफ्रीका के लिए ऑलराउंडर मार्को जानसेन ने सर्वाधिक 55 रन की पारी खेली।
कोलकाता के इडेन गार्डेन में खेले जा रहे मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही, और टीम ने दूसरे ही ओवर में 12 के स्कोर पर डिकॉक और रिकल्टन का विकेट गंवा दिया। इसके बाद कप्तान मार्करम और डेवाल्ड ब्रेविस ने तीसरे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की। 55 के स्कोर पर मार्करम का विकेट गिरा। वह तीसरे विकेट के रूप में 18 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद 77 के स्कोर पर मिलर और ब्रेविस के रूप में चौथा और पांचवां विकेट गिरा। ऐसा लग रहा था कि दक्षिण अफ्रीका मुश्किल से 125-130 तक पहुंच पाएगी।
छठे विकेट के लिए ट्रिस्टन स्टब्स और मार्को जानसेन ने 73 रन की साझेदारी का टीम का स्कोर 150 तक पहुंचाया। खतरनाक होती इस जोड़ी को फर्ग्यूसन ने स्टब्स को आउट कर तोड़ा। स्टब्स 24 गेंद पर 29 रन बनाकर आउट हुए। स्टब्स के आउट होने के बाद कॉर्बिन बोश 2 और रबाडा 0 पर आउट हुए। केशव महाराज 1 रन पर नाबाद रहे।
लगातार गिरते विकेटों के बीच मार्को जानसेन ने 30 गेंदों पर 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 55 रन की पारी खेली। जानसेन की पारी की वजह से ही टीम 8 विकेट 169 रन बना सकी।
न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी ने 4 ओवर में 34 रन देकर 2, कोले मैककोंची ने 1 ओवर में 9 रन देकर 2, लॉकी फर्ग्यूसन ने 4 ओवर में 29 रन देकर 1, निशम ने 3 ओवर में 42 रन देकर 1, और रचिन रवींद्र ने 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट लिए।

