Monday, June 22, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन से पहले नितिन नवीन ने की मंदिर...

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन से पहले नितिन नवीन ने की मंदिर में पूजा, कहा- हम भाजपा के फैसलों के साथ कार्यरत

0
26

पटना, 5 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले गुरुवार को पटना के काली माता, महावीर और हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। भाजपा ने नितिन नवीन को बिहार से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंदिर में पूजा अर्चना के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा, “भगवान का जीवन के हर पल में आपके साथ होता है। मैं मानता हूं कि भगवान महावीर हनुमान मंदिर का मेरे जीवन में एक खास स्थान है। आज मेरे लिए एक अलग शुरुआत है। भारतीय जनता पार्टी के निर्णय के साथ हम लोग कार्यरत रहते हैं।”

उन्होंने कहा, “आज काली मंदिर, महावीर मंदिर में मैंने दर्शन किए। माता रानी, भगवान शिव और हनुमान जी का आशीर्वाद ले रहे हैं। प्रार्थना की है कि भगवान मुझे इतनी शक्ति दे कि जिस भाव से अब तक का सफर रहा है, उसी भाव के साथ आगे बढ़ सकूं।”

इस दौरान बिहार के साथ अपने रिश्ते को लेकर नितिन नवीन ने कहा, “बिहार मेरे जीवन में अलग स्थान रखता है, मेरा क्षेत्र मेरे जीवन में अलग स्थान रखता है। निश्चित रूप से व्यक्ति अपनी जड़ को छोड़कर कभी बड़ा नहीं होता है। जब आपकी जड़ मजबूत होगी तभी आपका वट वृक्ष बड़ा होगा।”

भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा, “मैं मानता हूं कि बिहार मेरी जमीन है। इस जमीन को सींचते रहना, इसे हमेशा उपजाऊ बनाए रखना, ये मेरी आत्मा के अंदर बसा हुआ विषय है। मेरा मानना है कि जीवन के हर पल में जहां भी रहूं, मेरा क्षेत्र और मेरा बिहार हमेशा साथ रहे।”

बता दें कि 16 मार्च को राज्यसभा की खाली सीटों के लिए चुनाव होंगे। 10 राज्यों से निर्वाचित राज्य परिषद के 37 सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल 2026 में समाप्त होने वाला है। चुनाव आयोग ने 18 फरवरी को राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनावों का कार्यक्रम घोषित किया।

नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 5 मार्च निर्धारित की गई है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 6 मार्च को की जाएगी।

जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, वे महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना राज्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं।

भाजपा ने पिछले दिन बिहार से नितिन नवीन और शिवेश कुमार, असम से तेरश गोवाला और जोगेन मोहन, छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा, हरियाणा से संजय भाटिया, ओडिशा से मनमोहन सामल और सुजीत कुमार और पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा के नामों की घोषणा की।