Wednesday, June 24, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल जैकब बेथेल को आउट करने के बाद इतना खुश क्यों थे हार्दिक...

जैकब बेथेल को आउट करने के बाद इतना खुश क्यों थे हार्दिक पांड्या? खुद बतायी वजह

0
26

मुंबई, 7 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ हुए रोमांचक मैच में 7 रन से जीत दर्ज की। इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल ने शतक लगाते हुए रन चेज को अपनी टीम के पक्ष में करने की पूरी कोशिश की, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली।

मैच के आखिरी ओवर में इंग्लैंड को 30 रन की जरूरत थी। यह लगभग नामुमकिन था। जैकब बेथेल ने 20वें ओवर की पहली गेंद पर लॉन्ग-ऑफ की तरफ शॉट मारा। गेंद पांड्या के पास स्कूप होकर आई। उन्होंने उसे स्ट्राइकर एंड की तरफ थ्रो किया। बेथेल स्ट्राइक बनाए रखना चाहते थे और दूसरी रन के लिए दौड़े थे, लेकिन वह क्रीज में नहीं पहुंच पाए। हार्दिक के थ्रो पर विकेटकीपर संजू सैमसन ने बेथेल को रन आउट कर दिया। बेथेल के आउट होने के बाद इंग्लैंड की जीत की आखिरी उम्मीद भी समाप्त हो गई। शिवम दुबे के इस ओवर में जोफ्रा आर्चर के 3 छक्कों के बावजूद भारत ने 7 रन से मैच जीता।

बीसीसीआई टीवी पर साझा किए गए एक वीडियो में हार्दिक पांड्या ने बेथेल की विकेट वाले पल को याद किया है। पांड्या ने कहा, “देखिए, जिंदगी में दो तरीके होते हैं। मेरा दिल तेजी से धड़क सकता था और मैं उसे पूरा नहीं कर पाता। इसलिए, मैं अपने जेन मोड में चला गया। मुझे गर्व है कि मैं शांत रहा।”

उन्होंने आगे कहा, “बेथेल एक ऐसे बल्लेबाज थे, जिन्हें मुझे आउट करना था। मुझे पता था कि मुझे शांत रहकर उन्हें वहीं फेंकना है जहां होना चाहिए। थोड़ा और स्टंप के करीब फेंकना चाहता था, लेकिन हमने काम पूरा कर लिया।”

इस रन-आउट के बाद भारतीय टीम ने जोरदार जश्न मनाया। पांड्या ने मजाक में कहा, “मेरा रिएक्शन इसलिए था क्योंकि मेरा बेटा आया था। मैं चाहता था कि मेरा बेटा और माहिका इस पल का आनंद लें और महसूस करें कि मैं कितना उत्साहित हूं।”

हार्दिक ने उस मैच में 19वां ओवर फेंका था जो बेहद अहम था। हार्दिक के उस ओवर में मात्र 9 रन देकर टीम की जीत सुनिश्चित की थी।