दोहा, 7 मार्च (आईएएनएस)। मध्य पूर्व संकट के कारण हवाई सेवा पर अच्छा खासा असर पड़ा है। यूएई की एमिरेट्स एयरलाइंस के बाद दुबई एयरपोर्ट ने भी आंशिक हवाई सेवा जारी करने का ऐलान किया। इस बीच कतर में टूरिस्ट वीजा पर पहुंचे भारतीय नागरिकों की परेशानियों की शिकायत मिलने के बाद दूतावास ने एडवाइजरी जारी करते हुए नया लिंक साझा किया है।
कतर स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स प्लेटफॉर्म पर एक लिंक शेयर करते हुए लिखा, ‘जो भारतीय नागरिक अभी कतर से 28 फरवरी से 7 मार्च 2026 के बीच फ्लाइट्स कैंसिल होने की वजह से टूरिस्ट/शॉर्ट टर्म विजिटर (हय्या ए1 वीजा वाले) के तौर पर कतर में फंसे हुए हैं, वे यहां दिए गए लिंक पर अपनी डिटेल्स भरें।’
इसमें लिखा है कि तकनीकी दिक्कतों की वजह से, पिछला लिंक अब प्रयोग में नहीं है और दूसरे लिंक को फिर से चालू कर दिया गया है। अपील की है कि लोग अपडेट की हुई लिंक पर अपनी जानकारी दें। इसके साथ ये भी कहा है कि अगर डिटेल पहले साझा कर दिए हैं तो उसे दोहराने से बचें।
दूतावास लगातार भारतीय नागरिकों के संग संपर्क में है। पहले भी लिंक साझा की थी, लेकिन कई यूजर ने उसे लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। एक्स पर ही लिखा था कि लिंक खुल नहीं रहा है। कई ने लिखा था कि न यह फॉर्म खुल रहा है और न डाउनलोड हो रहा है। इन्हीं शिकायतों के मद्देनजर ये नई लिंक सुझाई गई है।
अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का शनिवार को आठवां दिन है। इस दिन भी दोनों ओर से हवाई हमले जारी हैं। इस बीच ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के एक बयान की चर्चा है। ये टिप्पणी स्टेट टीवी पर प्रसारित हुई। इसमें उन्होंने खाड़ी देशों से माफी मांगी और ये भी कहा कि वो अब उन पर हमले नहीं करेंगे तब तक उनकी जमीन का इस्तेमाल ईरान के लिए न किया जाए।

