Friday, July 10, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल टी-20 विश्व कप फाइनल मुकाबले के लिए पश्चिमी रेलवे चलाएगी स्पेशल ट्रेन

टी-20 विश्व कप फाइनल मुकाबले के लिए पश्चिमी रेलवे चलाएगी स्पेशल ट्रेन

0
23

मुंबई, 7 मार्च (आईएएनएस)। गुजरात में अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच को लेकर देशभर के क्रिकेट फैंस काफी उत्साहित हैं। देशभर से काफी संख्या में फैंस अहमदाबाद पहुंच रहे हैं। क्रिकेट फैंस की सहूलियत को देखते हुए पश्चिमी रेलवे स्पेशल सुपर फास्ट ट्रेन चलाएगी।

पश्चिमी रेलवे के सीपीआरओ विनीत अभिषेक ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि कुछ ट्रेनों को भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले को देखते हुए संचालित किया जाएगा। हमें उम्मीद है कि इन ट्रेनों के संचालन से क्रिकेट फैंस को काफी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पश्चिमी रेलवे अपने क्रिकेट फैंस के लिए स्पेशल गाड़ियों का प्लान कर रहा है। ये ट्रेनें आज से मुंबई और अहमदाबाद के बीच चलेंगी। मुंबई सेंट्रल से बांद्रा टर्मिनस होते हुए यह ट्रेन अहमदाबाद तक जाएगी। क्रिकेट फैंस इस ट्रेन का इस्तेमाल कर अहमदाबाद जा सकते हैं और टी-20 विश्व कप का आनंद ले सकते हैं।

विनीत अभिषेक ने बताया कि मुंबई सेंट्रल से अहमदाबाद के लिए ट्रेन आज रात 11:34 बजे चलेगी। यह सुपरफास्ट ट्रेन है। वापसी में यह ट्रेन रविवार-सोमवार की रात 3 बजे चलेगी। रविवार को मुंबई से सुबह 6:20 बजे स्पेशल ट्रेन रवाना होगी और 12:40 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।

उन्होंने बताया कि इन चार ट्रेनों में फर्स्ट एसी और एसी-3 कोच उपलब्ध हैं। बुकिंग शुरू हो चुकी है। इसके अलावा पुणे से अहमदाबाद के लिए ट्रेन आज शाम 17:30 बजे छूटेगी।

भारत ने सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को सात रनों से हराकर फाइनल में जगह बनाई है। वहीं, न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की है।

भारत की फाइनल में जीत के लिए देशभर में दुआओं का दौर शुरू हो चुका है और क्रिकेट फैंस का मानना है कि भारत की टीम न्यूजीलैंड के मुकाबले काफी बेहतर है। हालांकि, टी-20 क्रिकेट में एक ही खिलाड़ी सारे मैच का रुख बदल सकता है। क्रिकेट फैंस का मानना है कि फाइनल मुकाबले में जो टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी, उसके सिर ट्रॉफी का ताज सजेगा।