Friday, July 10, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल ‘मैं कहते-कहते थक गया हूं’, वरुण चक्रवर्ती की खराब फॉर्म पर बोले...

‘मैं कहते-कहते थक गया हूं’, वरुण चक्रवर्ती की खराब फॉर्म पर बोले रविचंद्रन अश्विन

0
31

नई दिल्ली, 7 मार्च (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले से पहले रविचंद्रन अश्विन वरुण चक्रवर्ती के प्रदर्शन से खासा निराश नजर आए हैं। अश्विन का कहना है कि वह बार-बार कहकर थक चुके हैं कि वरुण को बाएं हाथ के बल्लेबाज के खिलाफ राउंड-द-विकेट गेंदबाजी नहीं करनी चाहिए। अश्विन ने कहा कि वरुण के खिलाफ जब बल्लेबाज रन बनाते हैं, तो उनका आत्मविश्वास गिर जाता है।

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल ‘ऐश की बात’ में कहा कि वरुण के खिलाफ बल्लेबाजों ने अब आक्रामक अंदाज में खेलना शुरू कर दिया है। बल्लेबाज वरुण की गेंदों को पढ़ने लगे हैं और ऐसा हर किसी गेंदबाज के साथ होता है। अश्विन ने कहा कि वरुण के लिए जरूरी है कि वह अपनी रणनीति में बदलाव करें। पूर्व भारतीय स्पिनर के अनुसार, वरुण को अच्छी लाइन एंड लेंथ पर लगातार गेंदबाजी करनी होगी। उन्होंने कहा कि वरुण को अपनी गति में भी बदलाव करना होगा।

अश्विन ने कहा, “वरुण के खिलाफ जब बल्लेबाज बड़े शॉट्स लगाते हैं, तो उनका आत्मविश्वास पूरी तरह से गिर जाता है। मैं पिछले कई मुकाबलों से यह बात कहकर थक चुका हूं कि बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ राउंड-द-विकेट से गेंदबाजी मत कीजिए।” इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में वरुण का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। उन्होंने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ एक विकेट लेकर 64 रन खर्च किए थे। वरुण ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का संयुक्त रूप से दूसरा और अपने टी20 करियर का सबसे महंगा स्पेल फेंका था।

सुपर-8 राउंड में वेस्टइंडीज के खिलाफ हुए मुकाबले में भी वरुण का हाल बेहाल रहा था। उन्होंने 4 ओवर में एक विकेट लेकर 40 रन दिए थे। वरुण की खराब फॉर्म ने टीम इंडिया की टेंशन बढ़ा दी है। पिछले दो मुकाबलों में वरुण ने महज 2 विकेट लेकर 104 रन दिए हैं। कुलदीप यादव के बेंच पर बैठे होने के बावजूद वरुण को लगातार मौके मिल रहे हैं। हालांकि, अब यह देखना दिलचस्प होगा कि खिताबी मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव वरुण पर अपना अटूट भरोसा कायम रखते हैं या फिर कुलदीप के साथ मैदान पर उतरने का फैसला करते हैं।