Saturday, July 11, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में भारत की जीत के लिए विशेष पूजा,...

उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में भारत की जीत के लिए विशेष पूजा, टीम इंडिया को चैंपियन बनाने का मांगा गया आशीर्वाद

0
23

उज्जैन, 8 मार्च (आईएएनएस)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को शाम 7 बजे से खेला जाना है। इस अवसर पर उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा की गई और भारतीय टीम की खिताबी जीत का आशीर्वाद मांगा गया।

विशेष पूजा भारतीय टीम में शामिल खिलाड़ियों की तस्वीरों के साथ की गई।

अक्षय पुजारी ने आईएएनएस से कहा, “रंगपंचमी के विशेष अवसर पर भगवान महाकाल की विशेष पूजा की गई। जल और दूध से भगवान का अभिषेक कर टी20 विश्व कप के फाइनल में भारत की जीत की प्रार्थना की गई है।”

उज्जैन के महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज ने कहा कि हमने बाबा महाकाल के चरणों में निवेदन किया है कि वह भारतीय टीम को न्यूजीलैंड को हराकर विश्व चैंपियन बनने का आशीर्वाद दें।

भरुच से आए जयेश ने कहा कि मैं महादेव से प्रार्थना करता हूं कि भारतीय टीम जीते।

राजस्थान के चुरु में भी क्रिकेट फैंस ने भारतीय टीम के विश्व चैंपियन बनने की दुआ की है।

एक युवा फैन ने कहा कि फाइनल मुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड दोनों ही टीमों पर दबाव होगा। भारतीय टीम को सिर्फ जीत हासिल नहीं करनी है, बल्कि इतिहास को बदलना है। हमें टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली जीत हासिल करनी है। अगर भारतीय टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर करती है, तो टीम के लिए अच्छा होगा।

एक अन्य फैन ने कहा कि अगर भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 के आस-पास स्कोर बनाती है और न्यूजीलैंड के दोनों सलामी बल्लेबाजों एलन और साइफर्ट का विकेट शुरुआती ओवरों में निकालने में सफल रहती है, तो टीम की जीत की संभावना ज्यादा है।

भारतीय टीम लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने के करीब है। अगर टीम इंडिया खिताब जीतने में सफल रहती है, तो लगातार 2 टी20 विश्व कप और कुल 3 टी20 विश्व कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन जाएगा।