Saturday, July 11, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय निशांत कुमार के जदयू में शामिल होने पर समर्थकों में उत्साह, पटना...

निशांत कुमार के जदयू में शामिल होने पर समर्थकों में उत्साह, पटना की सड़कों पर पोस्टर ही पोस्टर

0
19

पटना, 8 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार रविवार को जदयू ज्वाइन कर रहे हैं। उनके जदयू में शामिल होने के अवसर पर समर्थकों ने पटना की सड़कों को निशांत कुमार के पोस्टर से पाट दिया है। जदयू दफ्तर मे भी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। दोपहर एक बजे निशांत कुमार पार्टी ज्वाइन करेंगे। जहां पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

बता दें कि काफी लंबे वक्त से निशांत कुमार के जदयू में शामिल होने की अटकलें चल रही थी। अब रविवार को निशांत आधिकारिक तौर से जदयू की सदस्यता ग्रहण कर लेंगे। कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने शनिवार को जानकारी दी थी कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में शुक्रवार को विधानमंडल की बैठक हुई। इस बैठक में हम लोगों ने सीएम के सामने निशांत कुमार को राजनीति में लाने की मांग की, जिसे सीएम ने स्वीकार कर लिया है। रविवार को निशांत कुमार पार्टी ज्वाइन करेंगे। इसके बाद वे अगले दिन से पार्टी के लिए काम करना शुरू कर देंगे।

संजय झा ने कहा था कि मुझे लगता है कि बिहार और जदयू का भविष्य उज्ज्वल है। नीतीश कुमार का सिर्फ रोल बदल रहा है। सेशन के दौरान नीतीश कुमार कुछ दिनों के लिए दिल्ली में रहेंगे, बाकी समय वह बिहार में रहकर कामों की देखरेख करेंगे, इसीलिए किसी को गलतफहमी नहीं होनी चाहिए कि नीतीश कुमार हमेशा के लिए दिल्ली चले गए। वे बिहार के विकास कार्यों की जानकारी लेते रहेंगे और सुझाव भी देंगे।

निशांत कुमार के भविष्य को लेकर जदयू सांसद ने कहा था कि निशांत कुमार भविष्य में क्या रोल निभाएंगे और क्या वह सरकार में शामिल होंगे? यह आने वाले समय में पार्टी लीडरशिप तय करेगी। बता दें कि जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार ने भरोसा दिलाया है कि वे यहीं रहेंगे और पार्टी जो भी काम करेगी, सरकार भी उनके मार्गदर्शन में चलेगी। सभी ने यह भी मांग की है कि निशांत कुमार पार्टी में शामिल हों, जिसे मान लिया गया है।