भारत के विश्व विजेता बनने पर देशभर में उल्लास का माहौल, लोगों ने मनाया जश्न

0
9

नई दिल्ली, 9 मार्च (आईएएनएस)। भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन के बड़े अंतर से हराकर टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। टीम इंडिया के विश्व विजेता बनने पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत केंद्रीय मंत्रियों ने बधाई दी है। पूरे देश में जश्न का माहौल है। देशभर से लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। टीम इंडिया की जीत पर लोगों में उल्लास का माहौल है और देशभर में जश्न मनाया जा रहा है।

दिल्ली के एक युवक ने कहा कि जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन शानदार था। उन्होंने चार ओवर में 15 रन देकर चार विकेट लिया। बुमराह से ऐसी गेंदबाजी की ही उम्मीद थी। संजू सैमसन के प्रदर्शन को लेकर कहा कि संजू ने लगातार तीन मैचों में अच्छी बल्लेबाजी की। संजू टीम में थे भी नहीं लेकिन टीम में आने के बाद लगातार तीन मैचों में प्रदर्शन करना बहुत बड़ी बात है। हर मैच में संजू ने लगभग 90 रन बनाए। दिल्ली के लोगों ने अक्षर पटेल के प्रदर्शन की भी जमकर तारीफ की। अक्षर पटेल की वजह से मैच में आगे बढ़े लेकिन ईशान किशन का कैच शानदार था। भारतीय टीम ने अच्छी फिल्डिंग की।

जम्मू-कश्मीर के पूंछ जिले में लोगों ने ढोल बजाकर जश्न मनाया। पूंछ के एक युवक ने कहा कि भारत के लिए यह बहुत गर्व और खुशी की बात है। भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर 2026 का वर्ल्ड कप अपने नाम किया। पूंछ में रात 9 बजे के आसपास दुकानें बंद हो जाती हैं लेकिन मैच की वजह से लोगों ने दुकाने खोलीं और मैच का लुत्फ उठाया। पूरे राज्य में भारत की जीत का जश्न मनाया जा रहा है।

महाराष्ट्र के अमरावती में भी लोगों ने जीत की खुशी मनाई। लोग ने हाथों में तिरंगा लेकर जय श्री राम के नारे लगाए। एक शख्स ने कहा कि देश के तीन ही हीरो हैं-एक नरेंद्र मोदी, दूसरी भारतीय सेना और तीसरी भारतीय क्रिकेट टीम। टीम इंडिया में बुमराह है तो मुमकिन है और टीम इंडिया है तो जीत निश्चित है। यह ऐतिहासिक जीत है क्योंकि भारत ने लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप जीता है।

गुजरात के वड़ोदरा में भी लोगों ने खास अंदाज में जश्न मनाया। हाथों में तिरंगा लेकर ढोल की थाप पर लोग थिरकते नजर आए। वड़ोदरा के सागर ने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के टॉप थ्री बल्लेबाजों ने जिस तरह की बल्लेबाजी की है, वह काबिलेतारीफ है। संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशान ने पहले छह ओवर में जिस तरह की बल्लेबाजी की, उसका कोई जवाब नहीं हैं। किसी भी टीम के खिलाफ इन बल्लेबाजों का कोई जवाब नहीं है।

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भी लोगों ने भारत की जीत पर खुशी जाहिर की। कोलकाता की एक महिला ने कहा कि बहुत मजा आया और भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाया। भारतीय का न्यूजीलैंड के साथ खेल देखकर रोमांच आ गया। कोलकाता के लोगों ने ढोलक की थाप पर खूब डांस किया।

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भी लोगों ने टीम इंडिया की जीत पर जमकर डांस किया। बनारस में संजू सैमसन के प्रदर्शन की लोगों ने खूब तारीफ की। लगातार तीन मैच में औसत 90 रन बनाकर उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया। एक युवक ने मुकाबले को लेकर कहा कि मैच काफी रोमांचक था। बल्लेबाजी और गेंदबाजी समेत सभी क्षेत्रों में टीम इंडिया का प्रदर्शन बेहतरीन था। उन्होंने जसप्रीत बुमराह के प्रदर्शन की भी तारीफ की।