Friday, June 12, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth सीबीएसई का बड़ा फैसला: कतर में 12 मार्च से होने वाली बोर्ड...

सीबीएसई का बड़ा फैसला: कतर में 12 मार्च से होने वाली बोर्ड परीक्षाएं स्थगित

0
24

दोहा, 9 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, यानी सीबीएसई, ने कतर में 12 मार्च से आयोजित होने वाली 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर एक नया सर्कुलर जारी किया है। कतर में भारतीय दूतावास ने बोर्ड के हवाले से खाड़ी के मौजूदा हालात के मद्देनजर दोहा स्थित संबद्ध विद्यालयों में 12 मार्च से 16 मार्च के बीच होने वाली 12वीं बोर्ड परीक्षा को टाल दिया है।

बोर्ड ने कहा है कि नई तारीखें जल्द बताई जाएंगी। बोर्ड 14 मार्च को स्थिति की समीक्षा करेगा और 16 मार्च के बाद होने वाले पर्चों पर निर्णय लेगा। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे आगे के अपडेट के लिए अपने-अपने स्कूलों के संपर्क में रहें और आधिकारिक घोषणाओं को ध्यान से फॉलो करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।

इससे पहले 7 मार्च को जीसीसी में 12वीं क्लास की बोर्ड परीक्षा के बारे में एक सर्कुलर जारी किया गया था, जिसमें मध्य पूर्व संकट की चपेट में आए देशों बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई को परीक्षा स्थगित कराने की सूचना दी गई थी।

एडवाइजरी में कहा गया था कि मिडिल ईस्ट (बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई) के कुछ हिस्सों में मौजूदा हालात का गंभीरता से समीक्षा करने के बाद, बोर्ड ने क्लास 12वीं के लिए 9 मार्च 2026 (सोमवार), 10 मार्च 2026 (मंगलवार) और 11 मार्च (बुधवार) को होने वाले एग्जाम को टालने का फैसला किया।

मंगलवार, 3 मार्च, को भी एक सर्कुलर जारी कर परीक्षाएं रोकने का निर्णय लिया गया था। बोर्ड द्वारा जारी सूचना के अनुसार 5 मार्च (गुरुवार) और 6 मार्च (शुक्रवार) को निर्धारित कक्षा 10 और कक्षा 12 सीबीएसई बोर्ड की सभी परीक्षाएं फिलहाल मध्य पूर्व के इन देशों में स्थगित कर दी गई थीं।

इस तरह सीबीएसई ने स्थिति की लगातार समीक्षा करते हुए 1 मार्च, 3 मार्च, 5 मार्च और 7 मार्च को दसवीं और 12वीं की परीक्षा टालने और रद्द करने के नोटिस जारी किए थे।