Saturday, June 27, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति अजित पवार प्लेन क्रैश: पिंकी माली के परिजनों ने विमान कंपनी के...

अजित पवार प्लेन क्रैश: पिंकी माली के परिजनों ने विमान कंपनी के मालिक पर धमकी देने का लगाया आरोप

0
29

मुंबई, 10 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे की जांच अभी चल ही रही है। इसी बीच अजित पवार के साथ प्लेन क्रैश में मारी गई फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली के परिजनों ने विमान कंपनी के मालिक पर गंभीर आरोप लगाया है।

पिंकी माली के भाई करण माली ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “28 फरवरी को मुझे वीएसआर कंपनी के मालिक वीके सिंह का फोन आया था। उन्होंने मुझसे ऊंची आवाज में बात की और पूछा कि उनके पिता मीडिया में क्या कह रहे हैं। मैंने उन्हें बताया कि मैं उन्हें अपने पिता का नंबर दे दूंगा ताकि वे उनसे सीधे बात कर सकें, लेकिन उन्होंने कहा कि वे उनसे बात नहीं करेंगे और मुझे अपने पिता को सब कुछ समझाने के लिए कहा था। वे हम पर दबाव डालने की कोशिश कर रहे हैं।”

पिंकी माली के पिता शिवकुमार माली ने कहा, हमें मीडिया से दूर रहने के लिए कहा गया है। मेरे बेटे के फोन पर इस तरह के संदेश आए हैं। हमें लगता है कि शायद वे हमें डराने या धमकाने की कोशिश कर रहे हैं, या हो सकता है कि वे सामान्य रूप से बात कर रहे हों, फोन पर बात समझना मुश्किल है। लेकिन वे साफ तौर पर कह रहे हैं कि मीडिया को बयान न दें और उससे दूर रहें। हम अपना दर्द किसे बताएं? कोई तो हमारी मदद करे, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है।

शिवकुमार माली ने कहा कि न तो सरकार हमारी मदद कर रही है और न ही हमें वीएसआर कंपनी से कोई मदद मिली है। बेटी के बीमा सहित अन्य पैसे अभी तक कंपनी की ओर से नहीं दिए गए हैं। बेटी की मौत से मेरी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और तबीयत खराब होने के कारण अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

गौरतलब है कि 28 जनवरी 2026 को अजित पवार एक चार्टर्ड प्लेन से अपने गृह जनपद बारामती जा रहे थे। इसी दौरान बारामती के करीब प्लेन क्रैश हो गया था जिसमें अजित पवार सहित 5 लोगों की मौत हो गई थी। विमान वीएसआर कंपनी द्वारा संचालित ‘लियरजेट-45 एक्सआर’ था। अब विधायक रोहित पवार ने इस दुर्घटना से जुड़ी कई तकनीकी खामियों और संदिग्ध परिस्थितियों का हवाला देते हुए इसे महज एक हादसा मानने से इनकार कर दिया है और लगातार जांच की मांग कर रहे हैं।