उत्तम नगर हत्याकांड : बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट पहुंची आरोपी की मां, आज होगी सुनवाई

0
7

नई दिल्ली, 10 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली के उत्तमनगर इलाके में होली के दिन हुई तरुण की हत्या के मामले में प्रशासन ने आरोपी के खिलाफ बुलडोजर की कार्रवाई की थी। वहीं, अब इस मामले में आरोपी के परिजन दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गए हैं। दिल्ली हाईकोर्ट मंगलवार को मामले की सुनवाई करेगा।

दिल्ली हाईकोर्ट में आरोपी की मां ने बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ याचिका दायर की है। याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि मामले में सह-आरोपी का घर गिरा दिया गया है और उनके घर को भी गिराए जाने की आशंका है।

बता दें कि 8 मार्च को आरोपियों के घर बुलडोजर की कार्रवाई की थी जबिक 9 मार्च को तीन महिलाओं को हिरासत में लिया गया था। दिल्ली पुलिस के अनुसार, हिरासत में ली गई महिलाओं में सायरा, शरीफ और सलमा शामिल थीं। दिल्ली पुलिस इस हत्याकांड में पहले ही एक नाबालिग समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। यह घटना होली के दिन उत्तमनगर की जेजे कॉलोनी में हुई।

पीड़ित पक्ष का दावा है कि 11 वर्षीय बच्ची अपनी छत पर होली खेल रही थी। इसी दौरान उसकी ओर से फेंका गया एक गुब्बारा नीचे गिर गया और वहां से गुजर रही मुस्लिम समुदाय की एक महिला पर रंग के छींटे पड़ गए। बच्ची के परिजनों ने बताया कि उन्होंने मुस्लिम समुदाय की महिला से तुरंत माफी मांग ली थी। इसके बावजूद महिला ने हंगामा खड़ा कर दिया और उसके परिजन व रिश्तेदार भी वहां पहुंच गए।

आरोप है कि उन लोगों ने 26 वर्षीय तरुण कुमार को घेर लिया और क्रिकेट बैट, लाठियों व पत्थरों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तरुण कुमार को अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई।

तरुण की मौत के बाद शुक्रवार को इलाके में तनाव काफी बढ़ गया। हिंदू संगठनों ने घटना के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य सड़कों पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। तनाव को देखते हुए इलाके की कई दुकानों को एहतियातन बंद रखा गया।

दिल्ली प्रशासन की ओर से मामले में कड़ी कार्रवाई की गई है। इसके अलावा, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस उनकी धरपकड़ में लगी है।