भोपाल 10 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा सीट से निर्वाचित विधायक मुकेश मल्होत्रा के निर्वाचन को उच्च न्यायालय की ग्वालियर खंडपीठ द्वारा शून्य घोषित किए जाने के खिलाफ कांग्रेस मंगलवार को सर्वोच्च न्यायालय में अपील करेगी।
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र (जीतू) पटवारी ने ग्वालियर खंडपीठ के फैसले को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह मामला भाजपा की खरीद-फरोख्त और उसके चाल, चरित्र और चेहरा को उजागर करता है।
पटवारी ने भाजपा पर आदिवासी विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा की सोच घृणित है कि वह यह सवाल उठा रही है कि विजयपुर से एक आदिवासी विधायक कैसे चुनकर विधानसभा पहुंच गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा आदिवासी नेता प्रतिपक्ष की “औकात” पूछना उनकी आदिवासी विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। यही व्यवहार विजयपुर के नेता मुकेश मल्होत्रा के साथ किया गया है। कांग्रेस की आगामी रणनीति का जिक्र करते हुए पटवारी ने कहा कि मुकेश मल्होत्रा के चुनाव शून्य किए जाने के फैसले के खिलाफ कांग्रेस आज मंगलवार को ही सुप्रीम कोर्ट जाएगी।
इस मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं राज्यसभा सांसद विवेक तंखा सुप्रीम कोर्ट में कांग्रेस की ओर से पैरवी करेंगे। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और मुकेश मल्होत्रा फिर से जनता के समर्थन से चुनकर आएंगे। पटवारी ने आदिवासी समाज से जुड़े भाजपा के सांसदों, विधायकों और बूथ कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे बताएं कि क्या यह भाजपा का कृत्य सही है।
भाजपा की सोच ने देश को कलंकित कर दिया है और आदिवासी समाज के साथ लगातार कुठाराघात किया जा रहा है। पटवारी ने मतदाताओं से कहा कि यह केवल मुकेश मल्होत्रा के साथ अन्याय नहीं है, बल्कि विजयपुर के मतदाताओं के वोट पर सीधा कुठाराघात है। वे न्यायालय का सम्मान करते हैं, लेकिन जिस न्यायाधीश ने यह फैसला दिया है, वह उचित नहीं है।
–आईएएनएस
एसएनपी/एएस

