Thursday, July 16, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय झारखंड के तीन विश्वविद्यालयों को मिले नए कुलपति, लोकभवन ने जारी की...

झारखंड के तीन विश्वविद्यालयों को मिले नए कुलपति, लोकभवन ने जारी की अधिसूचना

0
27

रांची, 10 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड लोकभवन ने राज्य के तीन प्रमुख विश्वविद्यालयों में नए कुलपतियों (वीसी) की नियुक्ति कर दी है। राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार के निर्देश पर जारी अधिसूचना के अनुसार, लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर राजीव मनोहर को रांची स्थित डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया गया है।

वहीं, जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की कमान डॉ एला कुमार को सौंपी गई है, जो वर्तमान में इंदिरा गांधी दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी फॉर वीमेन दिल्ली में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। इसके अलावा, नालंदा विश्वविद्यालय, राजगीर (बिहार) में प्रोफेसर एवं डीन के रूप में सेवाएं दे रहे अभय कुमार सिंह को झारखंड राज्य मुक्त विश्वविद्यालय, रांची का कुलपति बनाया गया है।

लोकभवन द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इन तीनों कुलपतियों का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से अधिकतम तीन वर्ष की अवधि के लिए होगा। हालांकि, यह कुलाधिपति की इच्छा पर भी निर्भर करेगा। नियुक्ति की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष रखने के लिए यह शर्त भी जोड़ी गई है कि संबंधित उम्मीदवारों को अपने मूल संस्थानों से सतर्कता (विजिलेंस) क्लीयरेंस प्राप्त करना अनिवार्य होगा।

राज्य के इन विश्वविद्यालयों में पिछले काफी समय से स्थायी कुलपतियों की नियुक्ति का इंतजार किया जा रहा था। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि नए कुलपतियों के आने से इन संस्थानों में शैक्षणिक सत्रों को नियमित करने और नए शोध कार्यों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। कार्मिक विभाग और लोकभवन ने उम्मीद जताई है कि ये नियुक्तियां राज्य की उच्च शिक्षा को नई दिशा प्रदान करेंगी।