सफाई व्यवस्था और शहर के अनुरक्षण का सीईओ ने किया निरीक्षण, लापरवाही पर कई कर्मियों की सेवा समाप्त

0
7

नोएडा, 10 मार्च (आईएएनएस)। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने मंगलवार को शहर के विभिन्न सेक्टरों का दौरा कर सफाई व्यवस्था, सड़कों की स्थिति, नालों की सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान प्राधिकरण के महाप्रबंधक (सिविल) एस.पी. सिंह सहित विभिन्न वर्क सर्किलों के वरिष्ठ प्रबंधक भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अव्यवस्था और लापरवाही सामने आने पर अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए तथा कई के खिलाफ कार्रवाई भी की गई।

निरीक्षण के दौरान सेक्टर-8 के ई-9 क्षेत्र के पास मलबे का ढेर पाया गया। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए वहां तैनात सफाईकर्मी राहुल और सोनी तथा हेल्थ सुपरवाइजर श्रीप्रकाश मिश्रा की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, संबंधित क्षेत्र के अवर अभियंता हरेंद्र मलिक का 10 दिन का वेतन रोकने का आदेश भी दिया गया।

सीईओ ने शहर के बड़े नालों को कवर कर उनके ऊपर वेंडिंग जोन विकसित करने की संभावना का परीक्षण करने और आगे की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालियां क्षतिग्रस्त मिलीं, जिन्हें जल्द से जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए गए। सेक्टर-11 के एच-ब्लॉक मार्केट के पास ड्रेन पर प्रीकास्ट स्लैब लगाकर पाथवे को जोड़ने के निर्देश दिए गए। वहीं सेक्टर-55 में ट्राइपोड क्षेत्र में मलबा मिलने पर तत्काल सफाई कराने को कहा गया। सेक्टर-55 में होटल रेडिसन ब्लू के पास सर्विस रोड की कनेक्टिविटी सुधारने के भी निर्देश दिए गए। सेक्टर-57 में सी-4 के पास कूड़ा और सी-60 से सी-63 के आसपास भारी मात्रा में मलबा पाया गया। इस पर वहां तैनात सुपरवाइजर आजाद की सेवा समाप्त करने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा खोड़ा के पास सेंट्रल वर्ज में गंदगी मिलने पर भी सफाई कराने के आदेश दिए गए। सेक्टर-62 में सड़क पर पत्तों और उद्यानिकी कचरे का ढेर पाया गया, जिसे तुरंत साफ कराने को कहा गया। कई स्थानों पर सर्विस रोड बंद और गंदगी से भरी मिलीं, जिन्हें नियमित सफाई कराकर यातायात के लिए खोलने के निर्देश दिए गए। सेक्टर-62 से गुजर रहे नाले के ऊपर फुटपाथ बनाने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान सेक्टर-62 में बड़ी संख्या में निराश्रित गाय सड़कों पर घूमती मिलीं, जिन्हें अभियान चलाकर गौशाला में शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए। वहीं सेक्टर-62 स्थित बारातघर का निरीक्षण कर उसके नवीनीकरण का आदेश दिया गया। फोर्टिस अस्पताल के पास सड़क के सौंदर्यीकरण के निर्देश भी दिए गए।

सेक्टर-63 में नाले में भारी मात्रा में कूड़ा मिलने और नाला जाम पाए जाने पर सफाईकर्मी धर्मवीर और सुपरवाइजर आकाश की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित प्रबंधक को चेतावनी जारी करने और संविदाकार को ब्लैकलिस्ट करने के लिए नोटिस जारी करने को कहा गया। इसके अलावा ग्राम बरौला के पास 75 मीटर चौड़ी सड़क के किनारे प्राधिकरण की भूमि पर अवैध झुग्गियां बनाकर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए गए। सेक्टर-107 के पास नाले की टूटी दीवार और सोसाइटी के प्रवेश द्वार पर निकली सरिया को सुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक बताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर एमिटी स्कूल की ओर से प्रवेश के दौरान सर्विस रोड की क्षतिग्रस्त सतह पर तुरंत पैच रिपेयर कराने को कहा गया। ग्रीन बेल्ट में अवैध झुग्गियों को हटाने के भी निर्देश दिए गए। शहर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था संतोषजनक न पाए जाने पर यह कार्य देख रही एजेंसी ए.जी. एन्वायरो इन्फ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा, शहर के सभी बारातघरों का सर्वे कर आवश्यकतानुसार उनका नवीनीकरण कराने, सभी लेफ्ट टर्न को सुगम बनाने, नालों का सर्वे कर कवर ठीक कराने और बस स्टॉप की मरम्मत व नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सभी वर्क सर्किलों को आदेश दिया गया कि शहर के सभी स्थानों से प्रतिदिन सुबह 10 बजे तक कूड़ा उठाना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।