मुंबई, 11 मार्च (आईएएनएस)। किसी ने नहीं सोचा था कि ‘मदर इंडिया’ के सेट से शुरू हुई लव स्टोरी हिंदी सिनेमा की सबसे प्यारी जोड़ी बनकर अपनी छाप छोड़ेगी।
हम बात कर रहे हैं नरगिस और सुनील दत्त की, जिन्होंने आज के दिन सात फेरे लेकर एक दूसरे का हाथ थामा था। दोनों की बेटी और समाज सेविका प्रिया दत्त ने अपने माता-पिता को याद करते हुए उन्हें सालगिरह की बधाई दी है।
नरगिस और सुनील दत्त दोनों ही इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन समय-समय पर प्रिया दत्त और संजय दत्त अपने माता-पिता को याद करते रहते हैं। अब प्रिया दत्त ने नरगिस और सुनील दत्त को शादी की सालगिरह की बधाई दी है। उन्होंने नरगिस और सुनील दत्त की पुरानी फोटो शेयर की, जिसमें वह अपने दोनों भाई और बहन के साथ दिख रही हैं।
उन्होंने कैप्शन में लिखा, “माता-पिता ने मिलकर एक ऐसे घर का निर्माण किया जो प्रेम, हंसी और संस्कारों से परिपूर्ण था। आज उनके अटूट प्रेम की वर्षगांठ है। उनके जीवन के हर दिन ने यह सिखाया कि सच्ची साझेदारी एक-दूसरे का संबल बनने, परस्पर समझ विकसित करने और छोटे-छोटे प्रयासों व साझा सपनों के माध्यम से एक-दूसरे को प्रेरित करने का नाम है।”
उन्होंने आगे लिखा, “उनके इस पवित्र बंधन से मैंने सीखा कि प्यार धैर्य, सम्मान और आनंद में पनपता है। एक आदर्श साझेदारी कोमल होने के साथ-साथ मजबूत, व्यक्तिगत और दूरदर्शी भी हो सकती है। उनका जीवन मेरे लिए प्रेम और संवेदनाओं के साथ जीने का मार्गदर्शक है। मां और पापा को विवाह वर्षगांठ की हार्दिक शुभकामनाएं।”
नरगिस और सुनील दत्त की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं थी। ‘मदर इंडिया’ के सेट पर पर सुनील दत्त नरगिस को पसंद करने लगे थे और एक सीन के दौरान उन्होंने आग में जलने से नरगिस को बचाया था। हालांकि दोनों ने फिल्म में मां-बेटे का किरदार किया था, लेकिन कोई नहीं जानता था कि नरगिस और सुनील की जोड़ी सिनेमा की सबसे चर्चित जोड़ी बनेगी।
नरगिस का निधन संजय दत्त की पहली फिल्म के रिलीज के 4 दिन बाद ही उनका निधन हो गया था। सुनील दत्त ने नरगिस के आखिरी दिनों में आखिरी पल तक उनका साथ दिया था।

