राहुल गांधी से डरती है भाजपा, उनके सवालों का जवाब नहीं : इमरान मसूद

0
6

नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता लगातार लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर बयानबाजी कर रहे हैं क्योंकि वे उनसे डरते हैं और उनके सवालों का जवाब नहीं दे पा रहे हैं।

दरअसल, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी को ‘प्रोपेगेंडा का लीडर’ बताया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए इमरान मसूद ने आईएएनएस से कहा, “वे लोग वास्तव में राहुल गांधी से बहुत डरते हैं। उन्हें राहुल गांधी से डर लगता है। राहुल गांधी के सवालों का उनके पास कोई जवाब नहीं है और इसी वजह से वे हर जगह इस तरह की बातें करते रहते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी ने जो सवाल देश के सामने उठाए हैं, अब देश की जनता उन सवालों के जवाब चाहती है।

इमरान मसूद ने कहा, “राहुल गांधी ने जो सवाल खड़े किए हैं, उन सवालों के ऊपर अब देश इनसे जवाब चाहता है। लेकिन उनके पास कोई जवाब नहीं है।”

इसी दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा एसआईआर को ‘इलेक्टोरल फ्रॉड’ बताए जाने के बयान पर भी इमरान मसूद ने अपनी प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि अगर किसी नागरिक को उसके वोट देने के अधिकार से वंचित किया जाता है तो इससे चुनावी प्रक्रिया कमजोर होती है।

कांग्रेस सांसद ने कहा, “निश्चित रूप से चुनावी प्रक्रिया को कमजोर किया जा रहा है। देखिए, अगर आप किसी व्यक्ति को उसके वोट देने के अधिकार से वंचित कर देते हैं, तो इससे निश्चित रूप से लोकतंत्र को नुकसान होगा।”

इसके अलावा उन्होंने यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। कांग्रेस सांसद ने कहा कि इस कानून में कई तरह की असंगतियां हैं और इसके विभिन्न पहलुओं पर गंभीर चर्चा की जरूरत है।

इमरान मसूद ने कहा, “यूसीसी के अंदर कई बड़ी विसंगतियां हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आदिवासी समाज की परंपराओं का क्या होगा? जब यूसीसी पर चर्चा होती है तो मुझे समझ नहीं आता कि इसमें बार-बार मुसलमानों को शामिल करने या उनकी चिंता का मुद्दा क्यों उठाया जाता है।”