टीएमसी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव को कांग्रेस का समर्थन : उदित राज

0
9

नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता उदित राज ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की बात का स्वागत किया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कदम का समर्थन करेगी, हालांकि उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पहले जब कांग्रेस इस मुद्दे को उठा रही थी, तब टीएमसी उनके साथ नहीं आई थी।

उदित राज ने कहा, “यह स्वागत योग्य कदम है। हम तो पहले से ही इस मुद्दे पर लड़ रहे हैं। उस समय टीएमसी ने हमारा साथ नहीं दिया था। जब राहुल गांधी ने यह मुद्दा उठाया था कि कर्नाटक में वोट डिलीशन कैसे हुआ, महाराष्ट्र और हरियाणा में वोट प्रतिशत कैसे बढ़ा और किस तरह से हेरफेर हुआ, तब भी हमने आवाज उठाई थी।”

उन्होंने आगे कहा कि बिहार में एसआईआर के खिलाफ कांग्रेस ने एक बड़ी यात्रा भी निकाली थी, लेकिन उस समय टीएमसी ने उसका समर्थन नहीं किया था।

कांग्रेस नेता ने कहा, “जब हमने बिहार में एसआईआर के खिलाफ बड़ी यात्रा निकाली थी, तब टीएमसी हमारे साथ नहीं थी। लेकिन अब अगर टीएमसी यह कदम उठा रही है, तो हम उसका समर्थन करेंगे।”

इसके साथ ही उदित राज ने यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि खुद केंद्र सरकार द्वारा गठित कानून आयोग ने पहले कहा था कि यूसीसी की जरूरत नहीं है और यह व्यावहारिक भी नहीं है।

उन्होंने दावा किया कि इन कानूनों में कई समुदायों को अलग रखा गया है।

कांग्रेस नेता ने कहा, “आदिवासियों को इससे बाहर रखा गया है और कुछ अन्य समुदायों को भी अलग रखा गया है। भाजपा शुरू से ही यूसीसी को अपना राजनीतिक एजेंडा बनाती रही है।”

चुनाव आयोग और यूसीसी जैसे मुद्दों पर राजनीतिक बहस एक बार फिर तेज हो गई है।