राहुल गांधी के नाम पर इन लोगों को मिर्ची लगना तय है: विजय वडेट्टीवार

0
8

मुंबई, 11 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को घेरते हुए कहा कि राहुल गांधी के नाम पर इन लोगों को मिर्ची लगना तय है।

विजय वडेट्टीवार ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने अब तक के शासनकाल में पूरे बुनियादी ढांचे को विकसित करने का काम किया है, लेकिन अफसोस की बात है कि सत्ता में आने के बाद भाजपा ने इस पूरे बुनियादी ढांचे को तबाह करने का काम किया है, जिसे अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने दावा किया कि अगर यह सरकार और ज्यादा दिनों तक सत्ता में रही तो ये लोग सबकुछ बर्बाद कर देंगे। कांग्रेस ने जो इतने सालों में पूरे बुनियादी ढांचे को तैयार किया है, उसे यह सरकार अगर सत्ता में रही तो पूरी तरह से बर्बाद करके रख देगी, जो कि मैं समझता हूं कि पूरी तरह से गलत है।

उन्होंने लोकसभ में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि वो सच्चाई, ईमानदारी और पूरी निष्ठा के साथ अपनी बात रखते हैं। जब वो ऐसा करते हैं तो भाजपा के लोगों को यह बात हजम नहीं हो पाती है। इससे परेशान होकर ये लोग लगातार राहुल गांधी को तरह-तरह से परेशान करने की कोशिश कर रहे हैं। राहुल गांधी की ओर से पेश किए गए तथ्यों का सामना करने की ताकत अब इन लोगों में नहीं बची है, इसलिए इस तरह की बातें कर रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा के लोग राहुल गांधी से डरते हैं। इन लोगों के अंदर राहुल गांधी के आंखों में आंख मिलाकर बात करने तक भी हिम्मत नहीं है। इसी वजह से ये लोग इस तरह की बातें कर रहे हैं, जो कि विषय वस्तु से ही बाहर है। अगर मौजूद समय में राहुल गांधी का रुख ऐसा है तो जाहिर सी बात है कि सरकार की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में ही है।