गैरसैंण, 12 मार्च (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को गैरसैंण में भराड़ी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने जनता के सुख-समृद्धि और उत्तराखंड की निरंतर प्रगति के लिए मां से प्रार्थना की।
गैरसैंण में उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र जारी है। इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गैरसैंण में हैं। वे गुरुवार को ठहलने के लिए निकले और फिर भराड़ी देवी मंदिर में जाकर माता के दर्शन किए।
सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “आज सुबह भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में भराड़ी देवी मंदिर में दर्शन कर मां के श्रीचरणों में नमन किया और प्रदेश की देवतुल्य जनता के सुख-समृद्धि व उत्तराखंड की निरंतर प्रगति के लिए मां से प्रार्थना की।”
उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र का गुरुवार को चौथा दिन है। सदन की कार्यसूची में आज के लिए 12 सूचनाएं रखी गई हैं। रानीखेत को जिला बनाए जाने के संबंध में राजस्व मंत्री जवाब देंगे। यह मांग विधायक बंशीधर भगत ने रखी थी। इसके अलावा, जनपद हरिद्वार के विधान सभा क्षेत्र भगवानपुर के विद्यालयों के उच्चीकरण और भवन निर्माण के संबंध में विधायक ममता राकेश के सवालों पर विद्यालयी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत अपना वक्तव्य देंगे।
इससे पहले, बुधवार को बजट सत्र के तीसरे दिन नियम 58 के तहत विपक्ष ने कार्यस्थगन की 5 सूचनाएं रखीं। बसपा विधायक शहजाद की ओर से भी अविलंब लोक महत्व का मुद्दा उठाया गया। नियम 300 के तहत भी व्यवस्था के प्रश्न सदन में आए। राज्यपाल के अभिभाषण पर सत्ता पक्ष और विपक्ष में विस्तृत चर्चा भी हुई। वहीं, नेता सदन ने राज्यपाल अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर भाषण दिया। करीब 11 घंटे 25 मिनट चली कार्यवाही के दौरान सदन में बुधवार को 5 महत्वपूर्ण विधेयक पारित हुए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए सरकार की उपलब्धियों, नीतियों और भविष्य की योजनाओं का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ उत्तराखंड को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

