मंधिरा कपूर के खिलाफ दायर प्रिया सचदेवा के मानहानि मामले में 30 मार्च को होगी सुनवाई

0
7

मुंबई, 12 मार्च (आईएएनएस)। दिवंगत व्यवसायी संजय कपूर की संपत्ति मामले में नए मोड़ आ रहे हैं। अब संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेवा द्वारा अपनी ननद मंधिरा कपूर के खिलाफ दायर मानहानि के मामले में गुरुवार को पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई हुई।

पटियाला हाउस कोर्ट ने मंधिरा कपूर के जवाब पर प्रिया सचदेवा को बहस करने का समय दिया है और मामले में अगली सुनवाई 30 मार्च होगी।

प्रिया सचदेवा कपूर ने मंधिरा कपूर पर आरोप लगाया है कि मंधिरा पॉडकास्ट, सोशल मीडिया और इंटरव्यू के जरिए उनके खिलाफ झूठे आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि मंधिरा ये सब इसलिए कर रही है ताकि मेरी प्रतिष्ठा को हानि पहुंच सके। इससे पहले 21 जनवरी को प्रिया ने पटियाला हाउस कोर्ट के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने बंद कमरे में अपना बयान भी दर्ज कराया था।

प्रिया सचदेवा कपूर की तरफ से दायर शिकायत में कहा गया कि कथित मानहानिकारक सामग्री में व्यक्तिगत हमले किए गए और कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जबकि कोर्ट का फैसला आना बाकी है। उन्होंने दावा किया कि बयान आपराधिक मानहानि के दायरे में आते हैं और न्यायिक प्रक्रियाओं के बजाय सार्वजनिक चर्चा के माध्यम से उन्हें बदनाम करने व परेशान करने की कोशिश की जा रही है।

बता दें कि मंधिरा कपूर ने पॉडकास्ट को इंटरव्यू में प्रिया सचदेवा कपूर पर कई हमले बोले थे। उन्होंने कहा था कि उनकी मां और परिवार प्रिया से संजय की शादी कराने के लिए तैयार नहीं था। उन्हें पता था कि प्रिया और संजय के बीच करिश्मा से शादी और बच्चों को जन्म देने के बाद तक बातचीत जारी थी। इसके लिए उन्हें पछतावा भी है कि वो करिश्मा का साथ नहीं दे पाईं।

मंधिरा ने कहा, “मुझे लगता है कि किसी दूसरी महिला का हाल ही में मां बनी महिला की परवाह न करना बहुत गलत है। किसी परिवार में फूट डालना बहुत ही गलत बात है। आप किसी की शादी नहीं तोड़ सकते और करिश्मा इस बर्ताव के लायक नहीं थीं। करिश्मा भी इस शादी को बचाने के लिए बहुत मेहनत कर रही थीं लेकिन उसके साथ जो हुआ वो सही नहीं था।”