आईपीएल 2026 से पहले पंजाब किंग्स की नई जर्सी लॉन्च, जानिए क्या है खासियत?

0
8

नई दिल्ली, 12 मार्च (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी, जिससे पहले पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने अपनी मैच जर्सी लॉन्च कर दी है। इस सीजन के लिए फ्रेंचाइजी ने एक नया डिजाइन चुना है, जिसमें लाल और नीले रंग शामिल हैं।

पंजाब किंग्स की नई जर्सी के बीच में एक शेर का डिजाइन है, जो कपड़े पर आगे बढ़ते हुए हीरे के आकार के पैटर्न में बदल जाता है। फ्रेंचाइजी ने कहा, “शेर सहज प्रवृत्ति, आक्रामकता और रॉ टैलेंट का प्रतीक है, जबकि हीरे यह दर्शाते हैं कि वही प्रतिभा तैयारी, उच्च प्रदर्शन प्रणाली और शीर्ष स्तर की प्रतिस्पर्धा के दबाव से तराशकर क्या बन जाती है।”

पंजाब किंग्स की कमान भारत के वनडे उप-कप्तान श्रेयस अय्यर के हाथों में है। पिछले सीजन रिकी पोंटिंग की कोचिंग में यह टीम अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ फाइनल मैच गंवाकर रनर-अप रही थी।

इससे पहले, पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और मुंबई इंडियंस (एमआई) के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने अपनी आईपीएल 2026 जर्सी लॉन्च की थीं।

पंजाब की टीम 31 मार्च को अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इस टीम का पहला मैच न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह पीसीए स्टेडियम में आईपीएल 2022 की चैंपियन गुजरात जायंट्स से होगा। इसके बाद पंजाब की टीम 3 अप्रैल को चेन्नई जाएगी, जहां एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स से भिड़ेगी।

6 अप्रैल को पंजाब किंग्स कोलकाता जाएगी, जहां उसके सामने ईडन गार्डन्स के मैदान पर तीन बार की विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) होगी। इसके बाद पंजाब किंग्स घर लौटकर 2016 की विजेता सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) से 11 अप्रैल को भिड़ेगी।

फ्रेंचाइजी ने 16-20 जनवरी तक उदयपुर में पांच दिन के प्री-सीजन कैंप के साथ अपनी आईपीएल 2026 की तैयारियां शुरू की थीं। इसके बाद पंजाब किंग्स ने 8-14 फरवरी तक अबू धाबी के शेख जायद क्रिकेट स्टेडियम में एक ट्रेनिंग कैंप लगाया था। अभी तक, वे धर्मशाला में एक और प्री-सीजन कैंप लगा रहे हैं, जो आईपीएल 2026 के लिए उनका दूसरा होम वेन्यू है।