ईरान ने इजरायल सीमा की तरफ फ‍िर दागीं म‍िसाइलें, आईडीएफ ने जारी किए सुरक्षा निर्देश

0
5

नई दिल्ली, 12 मार्च (आईएएनएस)। इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) ने गुरुवार को चेतावनी जारी करते हुए बताया कि ईरान की ओर से इजरायल की सीमा की तरफ मिसाइलें दागी गई हैं। होम फ्रंट कमांड ने प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मोबाइल अलर्ट के जरिए सुरक्षा निर्देश भेजे हैं और नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे इन निर्देशों का पालन करें।

इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) ने गुरुवार की शाम को ईरान की ओर म‍िसाइलें दागने का दावा क‍िया। आईडीएफ का कहना है कि रक्षा प्रणाली सक्रिय होकर इन मिसाइलों को रोकने का प्रयास कर रही है। आईडीएफ ने लोगों को सुरक्षित स्‍थानों पर रहने की एडवाइजरी दी है।

आईडीएफ ने आध‍िकार‍िक सोशल मीड‍िया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा, ”रक्षा प्रणाली इन खतरों को रोकने के लिए काम कर रही है। पिछले कुछ मिनटों में फ्रंट कमांड ने संबंधित क्षेत्रों में मोबाइल फोन पर प्रारंभिक निर्देश जारी किए हैं। लोगों से अनुरोध है कि वे जिम्मेदारी से काम करें और दिए गए निर्देशों का पालन करें। अलर्ट मिलने पर सुरक्षित स्थान में प्रवेश करना आवश्यक है और नए निर्देश मिलने तक वहीं रहें।”

इजराइली एयर फोर्स ने कहा, ”वायु सेना ईरानी शासन की आग लगाने वाली प्रणाली को गहरा नुकसान पहुंचाना जारी रखे हुए है। 250 से अधिक ड्रोन, लॉन्चर और दर्जनों लॉन्च साइटों पर हमला किया गया। इसके अलावा, उन कई कमांडरों और सैनिकों को भी समाप्त किया गया जो इजरायल की ओर कई मिसाइल/ड्रोन लॉन्च करने के लिए जिम्मेदार थे।”

प‍िछले कुछ द‍िनों से इजरायली सेना लगातार ईरान पर सैन्‍य कार्रवाई जारी रखे हुए है। ईरान की ओर से म‍िसाइल हमला इन हमलों का पलटवार भी हो सकता है। आज ही इजरायली एयर फोर्स ने दावा किया है कि उसने मंगलवार को किए गए एक हमले में हिज्बुल्लाह की मिसाइल यूनिट से जुड़े कमांडर अबू द’रार मोहम्मद को मार गिराया। इसके अलावा इजरायली वायुसेना ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े एक महत्वपूर्ण ठिकाने पर स्ट्राइक करने का दावा किया है।

इजरायली एयर फोर्स (आईएएफ) ने आध‍िकार‍िक सोशल मीड‍िया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर पोस्‍ट साझा करते हुए बताया, ”इस सप्ताह की शुरुआत में (मंगलवार को) वायुसेना ने एक हमले में अबू द’रार मोहम्मद को मार गिराया। वह बेरूत में हिज्बुल्लाह की मिसाइल इकाई में काम करने वाला और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की ओर से कार्य करने वाला एक कमांडर था।”

आईएएफ के अनुसार, मोहम्मद हिज्बुल्लाह की रॉकेट क्षमता को मजबूत करने में एक प्रमुख व्यक्ति था और ऑपरेशन नॉर्दर्न एरोज के बाद उसे फिर से मजबूत करने पर काम कर रहा था।