आईपीएल 2026: आरसीबी की मुश्किल बढ़ सकती है, इस धाकड़ तेज गेंदबाज के खेलने पर संशय

0
7

नई दिल्ली, 13 मार्च (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड चोटों के कारण लंबे समय से क्रिकेट से दूर हैं। एशेज और टी20 विश्व कप 2026 से बाहर रहने वाले हेजलवुड के आईपीएल 2026 में खेलने पर भी संशय है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, हैमस्ट्रिंग और अकिलीज टेंडन की चोटों से जूझ रहे हेजलवुड अभी भी फिजियो की निगरानी में हैं और मेडिकल टीम से खेलने पर अनुमति मिलने का इंतजार कर रहे हैं। पूरी तरह फिट होने पर ही वह लीग का हिस्सा बन सकते हैं।

हेजलवुड अगर फिट नहीं होते हैं और आरसीबी के लिए उपलब्ध नहीं होते हैं तो फिर आईपीएल 2026 में टीम की गेंदबाजी कमजोर हो जाएगी। पिछले सीजन हेजलवुड आरसीबी के लिए बेहद अहम खिलाड़ी साबित हुए थे। उन्होंने 12 मैचों में 22 विकेट लेकर टीम को चैंपियन बनाने में बड़ा योगदान दिया था। टीम लीग के 18वें सीजन में पहली बार विजेता बनी थी।

हेजलवुड को नवंबर में न्यू साउथ वेल्स के लिए खेलते समय दाहिने हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। इसी वजह से वह एशेज के पहले टेस्ट से बाहर हो गए थे। इसके बाद उन्हें अकिलीज टेंडन की नई चोट का सामना करना पड़ा। इस चोट ने उन्हें पूरे एशेज से बाहर कर दिया और फिर वह टी20 विश्व कप से भी बाहर रहे।

जोश हेजलवुड का आईपीएल करियर भी अंतरराष्ट्रीय करियर की तरह चोटों की वजह से प्रभावित रहा है। हेजलवुड ने 39 आईपीएल मैचों में 57 विकेट लिए हैं।

आरसीबी आईपीएल 2026 का ओपनिंग मैच सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ खेलेगी। मैच 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होना है। इस बड़े मुकाबले में एसआरएच के कप्तान पैट कमिंस के खेलने पर भी संशय है। कमिंस भी रिकवरी की प्रकिया से गुजर रहे हैं। कमिंस की कप्तानी में एसआरएच ने अपने तूफानी खेल से एक बड़ा फैन बेस बनाया है।