नोएडा: न्यौछावर के पैसों को लेकर विवाद, युवक की हत्या; 5 आरोपी गिरफ्तार

0
8

नोएडा, 13 मार्च (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान न्यौछावर के पैसे बटोरने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। झगड़े के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो नाबालिगों को पुलिस हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार यह घटना 12 मार्च को थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के अंतर्गत झुंडपुरा स्थित एक बारात घर के पास हुई। शादी समारोह में बरात चढ़त के दौरान लोग न्यौछावर के रूप में पैसे लुटा रहे थे, जिन्हें आसपास मौजूद युवक बटोर रहे थे।

इसी दौरान प्रथम पक्ष का एक युवक अपने भाई के साथ पैसे बटोरने के बाद घर लौट रहा था। वहीं दूसरी ओर दूसरे पक्ष के कुछ युवक और एक नाबालिग भी अपने साथियों के साथ वापस जा रहे थे। रास्ते में दोनों पक्षों के बीच न्यौछावर के पैसों के बंटवारे को लेकर कहासुनी हो गई। पुलिस के मुताबिक एक नाबालिग ने अपने साथी आसिफ उर्फ अत्थी को बताया कि मृतक ने उसके हिस्से के पैसे ले लिए हैं। इस बात से नाराज होकर आसिफ उर्फ अत्थी ने अपने साथियों रौनक, तौसीफ, सुदामा, सरफराज और एक अन्य नाबालिग के साथ मिलकर युवक पर हमला कर दिया।

झगड़े के दौरान आसिफ उर्फ अत्थी ने युवक पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और स्थानीय लोग घायल युवक को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-24 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान कर पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी शादी समारोह में न्यौछावर के पैसे बटोरने आए थे। पैसे इकट्ठा कर वापस लौटते समय रास्ते में बंटवारे को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शादी के दौरान एकत्र किए गए 1580 रुपये, हत्या में इस्तेमाल चाकू और रक्तरंजित कपड़े बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

आईएएनएस

पीकेटी/डीएससी