अपने दुश्मनों पर हम जरा भी रहम नहीं करेंगे, ईरान की सैन्‍य क्षमता लगभग खत्म: अमेरिकी युद्ध सचिव

0
7

नई द‍िल्‍ली, 13 मार्च (आईएएनएस)। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने ईरान के खिलाफ अपने सैन्य अभियान को लेकर बड़ा दावा किया। अमेरिकी युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने कहा क‍ि ईरान की हवाई सुरक्षा, वायु सेना और नौसेना लगभग निष्क्रिय हो चुकी हैं, जबकि मिसाइलों और ड्रोन की क्षमता में भारी गिरावट आई है।

अमेरिकी युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका ईरान की सैन्य क्षमताओं को अभूतपूर्व गति से नष्ट कर रहा है। ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना हमारा मुख्य मिशन है।

हेगसेथ ने यह भी कहा कि यह लड़ाई कभी बराबरी की नहीं थी। सारे पत्ते राष्ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप के हाथ में हैं। इस संघर्ष की गति, रफ्तार और समय सब वही तय करेंगे।

युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका ईरान के कट्टरपंथी शासन की सेना को इस तरह से तबाह कर रहा है, जैसा दुनिया ने पहले कभी नहीं देखा गया। पहले कभी कोई आधुनिक और सक्षम सेना इतनी तेजी से नष्ट नहीं हुई और न ही इतनी जल्दी युद्ध के लिए पूरी तरह से बेकार हुई। पूरी तरह से तबाह।

पीट हेगसेथ ने कहा, ”हमने कहा था कि यह कोई बराबरी की लड़ाई नहीं होगी और यह सचमुच वैसी नहीं रही।”

पीट हेगसेथ ने कहा क‍ि अब ईरान के पास कोई हवाई सुरक्षा नहीं है। ईरान के पास कोई वायु सेना नहीं है। ईरान के पास कोई नौसेना नहीं है।

उनकी मिसाइलें, उनके मिसाइल लॉन्चर और ड्रोन या तो नष्ट किए जा रहे हैं या आसमान में ही मार गिराए जा रहे हैं। उनकी मिसाइलों की संख्या में 90 प्रत‍िशत की कमी आई है।

उनके ‘वन-वे अटैक’ ड्रोन की संख्या में 95 प्रत‍िशत की कमी आई है और जैसा कि पूरी दुनिया देख रही है, वे होर्मुज जलडमरूमध्य में घोर हताशा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

पीट हेगसेथ ने कहा, ”हम उनकी सभी महत्वपूर्ण सैन्य क्षमताओं को हराने, नष्ट करने और निष्क्रिय करने की योजना पर काम कर रहे हैं। वह भी ऐसी गति से जो दुनिया ने पहले कभी नहीं देखी।”

युद्ध सचिव ने कहा, “ईरान का नेतृत्व भी कोई बेहतर हालत में नहीं है। वे हताश हैं और छिपे हुए हैं। वे भूमिगत हो गए हैं, डर के मारे दुबके हुए हैं। हम जानते हैं कि उनका नया तथाकथित नेता घायल है और संभवतः उसका चेहरा भी बिगड़ गया है।

पीट हेगसेथ ने कहा, ”कल उनकी ओर से एक बयान जारी किया गया था, जो असल में काफी कमजोर था। उसमें न तो कोई आवाज थी और न ही कोई वीडियो। वह केवल एक लिखित बयान था।”

पीट हेगसेथ ने कहा, ”बहुत जल्द ईरान की सभी रक्षा कंपनियां नष्ट हो जाएंगी। वे आपस में ठीक से बातचीत भी नहीं कर पा रहे, तालमेल बिठाना तो दूर की बात है। वे पूरी तरह से भ्रमित हैं और यह बात हम अच्छी तरह जानते हैं।”

पीट हेगसेथ ने कहा क‍ि हमारा जवाब साफ है, हम अपना दबाव बनाए रखेंगे। हम उन्हें पीछे धकेलते रहेंगे। हम लगातार आगे बढ़ते रहेंगे। हम उन्हें कोई रियायत नहीं देंगे। अपने दुश्मनों पर हम जरा भी रहम नहीं करेंगे।