केंद्र सरकार ने तेल और गैस के अभाव को दूर करने में सार्थक भूमिका निभाई : रामकृपाल यादव

0
8

पटना, 14 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका-इजरायल और ईरान संघर्ष के 15वें दिन भारत के लिए अच्छी खबर आई। भारत का एलपीजी (रसोई गैस) ले जाने वाला जहाज शिवालिक शुक्रवार रात होर्मुज स्ट्रेट को सुरक्षित पार कर गया। इस पर बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री का दिल से आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने तेल और गैस के अभाव को दूर करने में अपनी सार्थक भूमिका निभाई है। उन्होंने अपनी नीतियों के माध्यम से देश को बड़ी चुनौती से निजात दिलाई है।

बिहार से नए राज्यपाल सैयद अता हसनैन के कार्यभार ग्रहण करने को लेकर उन्होंने कहा कि गवर्नर ने काम प्रारंभ कर दिया है। उनके नेतृत्व में बिहार की उन्नति और तरक्की होगी। विकसित प्रदेश के रूप में बिहार स्थापित हो जाएगा। ऐसी उनसे उम्मीद है।

उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के घर पर राज्यसभा चुनाव के लिए बैठक पर रामकृपाल यादव ने कहा कि 12 वर्षों के बाद अनुकूल परिस्थिति में चुनाव हो रहा है। एनडीए के पांच उम्मीदवार हैं, सभी जीत जाएंगे, ये तय है। बैठक पर उन्होंने कहा कि ये सामान्य प्रक्रिया है। बैठक के बहाने लोगों से मिलना-जुलना हो जाता है।

बता दें कि अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष में भारत के लिए अच्छी खबर यह है कि एलपीजी (रसोई गैस) ले जाने वाला जहाज शिवालिक होर्मुज स्ट्रेट को सुरक्षित पार कर गया है। इस जहाज में करीब 50,000 टन से ज्यादा एलपीजी ले जाने की क्षमता है। इसी वजह से इस जहाज का सुरक्षित निकलना भारत के लिए काफी अहम माना जा रहा है।

फिलहाल, भारत में एलपीजी की कोई किल्लत नहीं है, लेकिन वैश्विक हालात को देखते हुए लोग घबराहट में एलपीजी सिलेंडर बुक कर रहे हैं।

शुक्रवार को पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा था कि गलत सूचनाओं के कारण लोग घबराकर बुकिंग और जमाखोरी करने लगे हैं। घरेलू एलपीजी डिलीवरी का औसत चक्र लगभग ढाई दिन का है। डायवर्जन को रोकने के लिए डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (डीएसी) सिस्टम लागू किया गया है।