नई दिल्ली, 14 मार्च (आईएएनएस)। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रचा। टीम इंडिया ने अब तक कुल 8 आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं। आइए आपको उन 5 भारतीय बल्लेबाजों के नाम बताते हैं, जिन्होंने सीमित ओवर के आईसीसी टूर्नामेंट के एक संस्करण में सर्वाधिक रन बनाए हैं।
विराट कोहली : सीमित ओवर के आईसीसी टूर्नामेंट के एक संस्करण में भारत की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज विराट कोहली रहे हैं। कोहली ने 2023 में खेले गए वनडे विश्व कप में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 11 मुकाबलों में 765 रन बनाए थे। विराट ने टूर्नामेंट में 3 शतक और 6 अर्धशतक लगाए थे। एक वनडे विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी कोहली के नाम दर्ज है।
सचिन तेंदुलकर : साल 2003 में खेले गए एकदिवसीय विश्व कप में सचिन तेंदुलकर का प्रदर्शन बल्ले से लाजवाब रहा था। सचिन ने टूर्नामेंट में खेले 11 मुकाबलों में 61 की औसत से खेलते हुए 673 रन बनाए थे। सचिन ने इस वर्ल्ड कप में एक शतक और 6 अर्धशतक लगाए थे। हालांकि, फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
रोहित शर्मा : साल 2019 में खेले गए एकदिवसीय विश्व कप में रोहित शर्मा का प्रदर्शन लाजवाब रहा था। रोहित ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 9 मुकाबलों में 81 की औसत से खेलते हुए 648 रन बनाए थे। रोहित ने टूर्नामेंट में 5 शतक और एक अर्धशतक लगाया था। इंग्लैंड की धरती पर खेले गए इस वर्ल्ड कप में भारतीय टीम को सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी।
सचिन तेंदुलकर : साल 1996 में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप में सचिन तेंदुलकर ने अपनी बल्लेबाजी से हर किसी को खासा प्रभावित किया था। टूर्नामेंट में खेले 7 मुकाबलों में सचिन के बल्ले से 87 की दमदार औसत से 523 रन निकले थे। सचिन ने टूर्नामेंट में 2 शतक और 3 अर्धशतक लगाए थे।
सचिन तेंदुलकर : साल 2011 में एमएस धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने 28 साल का सूखा खत्म करते हुए वनडे वर्ल्ड कप के खिताब को अपने नाम किया था। इस विश्व कप में सचिन तेंदुलकर ने बल्ले से अहम योगदान दिया था, और वह भारत की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। सचिन ने 9 मुकाबलों में 53 की औसत से खेलते हुए 482 रन बनाए थे।

