मुंबई, 14 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने शनिवार को घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति और कमर्शियल गैस पर केंद्र सरकार के हालिया फैसले पर स्पष्टता प्रदान की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कमर्शियल उपयोग के लिए गैस की सप्लाई पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं, लेकिन घरेलू उपभोक्ताओं के लिए कोई कमी नहीं आएगी।
योगेश कदम ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, “गैस को लेकर केंद्र सरकार ने जो भी निर्णय लिया है, उसके अंतर्गत देशभर में जितने भी कमर्शियल यूज हैं, उनकी सप्लाई को रोकने के आदेश दिए गए हैं, लेकिन जिन्हें भी घर के लिए गैस चाहिए, उनके लिए पूरी सप्लाई सुचारू रूप से चालू रहेगी। हमारे पास गैस उपलब्ध है, किसी को भी पैनिक होने की जरूरत नहीं है। घरेलू यूज के लिए गैस की सप्लाई लगातार चालू रहेगी।”
मंत्री ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे गैस की बर्बादी न करें। उन्होंने कहा, “इस समय मिडिल ईस्ट में युद्ध चल रहा है, जिसके कारण गैस का उपयोग हमें ध्यान से करना चाहिए। गैस की बर्बादी नहीं करनी चाहिए, उसका हमें ख्याल रखना चाहिए।” उन्होंने बताया कि वैश्विक स्तर पर तनाव के बावजूद भारत की स्थिति मजबूत है और आपूर्ति प्रभावित नहीं हुई है।
योगेश कदम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की सराहना करते हुए कहा कि मोदी सरकार के कारण भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि मजबूत हुई है। उन्होंने कहा, “नरेंद्र मोदी जब से भारत के प्रधानमंत्री बने हैं, तब से उन्होंने पूरे भारतवर्ष का नाम आगे बढ़ाया है। देश के तौर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की इज्जत बढ़ी है। पीएम मोदी ने हर एक देश के साथ अच्छा रिश्ता बनाया है। यही कारण है कि युद्ध के बावजूद ईरान से अच्छे रिश्ते होने के कारण हमें अच्छी सप्लाई हो रही है। हमने कल ही देखा है कि तेल का एक बड़ा शिप भारत पहुंचा है।”
उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी के कार्यकाल में भारत को वैश्विक मंच पर जो सम्मान मिला है, उसका सीधा लाभ आज आम नागरिक को मिल रहा है। उन्होंने कहा, “अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पीएम मोदी का जो रिश्ता है, उसका फायदा आज देश को मिल रहा है। मेरे हिसाब से जिस प्रकार पीएम मोदी काम कर रहे हैं, वैसा आज तक किसी भी प्रधानमंत्री ने नहीं किया है।”

