पटना, 15 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के निर्णय के बाद उनके पुत्र निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री हो गई है। निशांत जल्द ही बिहार की यात्रा पर भी निकलने वाले हैं। इसी बीच, निशांत की उम्र को लेकर कई तरह की चर्चाओं के बीच बिहार के मंत्री अशोक चौधरी ने उनकी उम्र बताई है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नजदीकी माने जाने वाले और जदयू के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी ने रविवार को दावा करते हुए बताया कि निशांत की सही उम्र 44 साल है। बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री अशोक चौधरी ने निशांत की उम्र बताते हुए उनकी डेट ऑफ बर्थ यानी जन्मतिथि का खुलासा करते हुए दावा किया कि निशांत कुमार की सही जन्मतिथि 20 जुलाई 1981 है, न कि 1975।
उन्होंने मीडिया संस्थानों से भी अनुरोध किया कि वे इसी सही आयु और जन्मतिथि का उपयोग करें।
दरअसल, निशांत की उम्र को लेकर कई तरह की चर्चा मीडिया से लेकर सियासी तौर पर हो रही थी कि लोग निशांत की उम्र 50 साल बता रहे थे। इसके बाद मंत्री अशोक चौधरी ने उनकी सही जन्मतिथि बताई।
मंत्री अशोक चौधरी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया के जरिए भी इसकी जानकारी सार्वजनिक की है। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, “निवेदन है कि निशांत कुमार की सही जन्मतिथि 20 जुलाई 1981 है तथा उनकी वर्तमान आयु 44 वर्ष है। आप सभी मीडिया बंधुओं से विनम्र अनुरोध है कि आगे से इसी जन्मतिथि और आयु का ही उपयोग करें।”
उन्होंने यह भी लिखा कि मीडिया द्वारा गलत जन्मतिथि और आयु प्रकाशित की जा रही है, इसलिए कृपया सही जानकारी का ही उपयोग एवं प्रसारण करें।
दरअसल, निशांत के पिताजी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद बिहार में नई सरकार बनने की चर्चा जोरों पर है। ऐसे में जदयू के कार्यकर्ताओं द्वारा निशांत को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग भी उठाई जा रही है। शनिवार को मुख्यमंत्री के समृद्धि यात्रा के दौरान बेगूसराय में कार्यकर्ताओं ने निशांत को मुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर जमकर नारेबाजी की थी।

