नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने रविवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में इस बार भाजपा सत्ता में आएगी, क्योंकि लोग तृणमूल से तंग आ चुके हैं। चुनाव आयोग की ओर से चुनाव के तारीखों की घोषणा पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हम हर चीज के लिए हमेशा तैयार हैं। हम देश के लिए कुछ भी करेंगे और संवैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करना हमारी जिम्मेदारी है।
टीबी मुक्त भारत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिल्ली पुलिस और सांसदों के बीच हुए क्रिकेट मैच के बारे में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने आईएएनएस से बात की। उन्होंने कहा कि सांसद कितने अच्छे तरीके से मैच खेल रहे हैं, इसको देखकर मैं बहुत उत्साहित हूं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने खेलो इंडिया चलाया, फिट इंडिया मूवमेंट चलाया, अब टीवी मुक्त भारत के अभियान को सफल बनाने में देश के लोग जुट गए हैं।
इससे पहले बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी पर जमकर निशाना साधा है। आईएएनएस से बात करते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल में अपराधियों और गुंडों का राज है। टीएमसी का हर कार्यकर्ता गुंडा है। वे हिंसा, दहशत फैलाकर और घुसपैठियों के जरिए सत्ता हासिल करना चाहते हैं, लेकिन ऐसा भारतीय जनता पार्टी नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि चाहे जितना बलिदान देना पड़े, हम बलिदान देने को तैयार हैं। हम घुसपैठियों, आतंकवादियों और गुंडों से लड़ते रहेंगे।
एक दिन पहले शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में 18,000 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उनका उद्घाटन किया था।
उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि आज कोलकाता की धरती से पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के विकास का एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। इस दौरान पीएम मोदी ने बंगाल सरकार और टीएमसी पर जमकर निशाना साधा था।

