नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस का मानना है कि सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के कैंपेन में सफलता की उम्मीदें इस बात पर टिकी हैं कि ये टीम विरोधी गेंदबाजों पर कितनी हावी हो पाती है और दूसरी टीमों से लगातार बेहतर बैटिंग कर पाती है या नहीं।
सनराइजर्स हैदराबाद ने साल 2016 में आईपीएल खिताब अपने नाम किया था। साल 2018 और 2024 में टीम रनर-अप रही। पिछले दो सीजन में इस टीम ने बल्लेबाजी के मामले में कई रिकॉर्ड्स बनाए हैं, लेकिन बॉलिंग लाइन-अप में धार की कमी के कारण टीम दोबारा खिताब जीतने से चूक गई।
फाफ डु प्लेसिस ने ‘जियोस्टार’ पर कहा, “जब मैं सनराइजर्स को देखता हूं, तो मुझे टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज की याद आती है। एक बेहद दमदार बैटिंग लाइन-अप। लेकिन जब मैं टीम को देखता हूं, तो खुद से पूछता हूं कि मेरे विकेट लेने वाले गेंदबाज कौन हैं? कप्तानी के नजरिए से, मैं गेंद किसे थमाऊंगा?”
उन्होंने कहा, “जाहिर है, कमिंस कप्तान हैं, इसलिए वह तो मुख्य विकल्प हैं ही, लेकिन उनके अलावा, शेष गेंदबाज कौन हैं? ऐसे कौन से दो या तीन गेंदबाज हैं जिन पर मैं डेथ ओवर्स में पूरी तरह भरोसा कर सकता हूं और जो मुझे पावरप्ले में विकेट दिलाएंगे? नामों को देखते हुए, मुझे पूरी तरह से यकीन नहीं है कि वे गेंदबाज कौन हैं। इसलिए, अगर उन्हें एक सफल कैंपेन चलाना है, तो उन्हें विरोधी गेंदबाजों पर हावी होना होगा और दूसरी टीमों से बेहतर बैटिंग करके स्कोरबोर्ड पर दबाव बनाना होगा। फिर जब विरोधी टीम बैटिंग करने उतरेगी और स्कोरबोर्ड पर 260 रनों का लक्ष्य देखेगी, तो दबाव में आकर आउट हो जाएगी।”
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल 2026 के पहले फेज का शेड्यूल घोषित किया है, जो 28 मार्च से 12 अप्रैल के बीच खेला जाएगा। पहले फेज में कुल 20 मैच 10 वेन्यू पर खेले जाने हैं। इस सीजन का पहला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच 28 मार्च को खेला जाना है।
इसके बाद 2 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद की टीम केकेआर का सामना करेगी। 5 अप्रैल को इस टीम का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा। 11 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के सामने पंजाब किंग्स होगी।
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम: पैट कमिंस (कप्तान), ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, अनिकेत वर्मा, आर. स्मरण, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कामिंदु मेंडिस, हर्षल पटेल, ब्रायडन कार्स, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा, जीशान अंसारी, शिवांग कुमार, सलिल अरोड़ा, ओंकार तरमाले, साकिब हुसैन, क्रेन्स फुलेट्रा, प्रफुल्ल हिंज, अमित कुमार, लियाम लिविंगस्टन, अमित कुमार।

