नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। चुनाव आयोग ने रविवार को चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी है। इसके बाद भाजपा सांसद गुलाम अली खटाना ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता चुनाव के लिए 24 घंटे एक्टिव रहता है।
भाजपा सांसद ने नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में कहा कि चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में होने वाले चुनाव में युवा वोटर पीएम मोदी के हाथ को मजबूत करने के लिए वोट करेंगे। जिन राज्यों में चुनाव हैं, वहां के युवाओं और महिलाओं ने ठान लिया है कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए वे पीएम मोदी के विजन के साथ रहेंगे।
भाजपा सांसद ने कहा कि चुनाव की घोषणा हो चुकी है और विपक्ष के द्वारा बयानबाजी सिर्फ एक धोखा है। बंगाल की जनता को मालूम है कि वर्तमान सरकार घुसपैठियों के संरक्षण में लगी हुई है। बंगाल का युवा बेहतर बंगाल के लिए वोट करेगा। देश का युवा विकसित भारत के लिए पीएम मोदी के साथ है।
एलपीजी संकट पर विपक्ष के दावों पर भाजपा सांसद ने कहा कि विपक्ष ने कोरोना काल के दौरान भी अफवाह फैलाई थी। उनसे उम्मीद नहीं की जा सकती है। हम देश की जनता को यकीन दिलाते हैं कि पीएम मोदी के नेतृत्व में जो संकट आया है, उससे जल्दी उबरा जाएगा। पीएम मोदी के मैनेजमेंट की दुनिया में तुलना नहीं है।
कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के पाकिस्तान संबंधित बयान पर भाजपा सांसद ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि वे खुद को राजनीति में जिंदा रखने के लिए बयान देते हैं। वे इनकी फ्रस्ट्रेशन हैं, इन्होंने देश को लूटा है। इनके जमाने में देश घोटालों का देश था। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है।
भाजपा सांसद ने कहा कि हम तो पड़ोसियों के साथ अच्छा संबंध ही चाहते हैं, लेकिन आतंकवाद और बातचीत साथ-साथ नहीं चलते हैं।

