न्यूजीलैंड को झटका, साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 मैच से जैकब्स बाहर

0
10

हैमिल्टन, 16 मार्च (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के बीच झटका लगा है। न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने बताया कि बल्लेबाज बेवन जैकब्स घुटने में चोट लगने के कारण मंगलवार को सेडन पार्क में साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 मैच से बाहर हो गए हैं।

बेवन जैकब्स की जगह ब्लैककैप्स टीम में कैटेन क्लार्क को शामिल किया जाएगा। क्लार्क को पहले डेन क्लीवर, जेडन लेनोक्स और टॉम लैथम के साथ चौथे और पांचवें टी20 मुकाबलों के लिए न्यूजीलैंड की टीम में शामिल किया जाना था।

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा, “रविवार रात पहले टी20 मैच के दौरान फील्डिंग करते समय जैकब्स अपने बाएं घुटने के बल गिर गए थे, जिसके बाद उन्हें मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। स्कैन से पता चला कि उनके घुटने के किनारे की हड्डी में चोट (बोन ब्रूजिंग) लगी है। जैकब्स के दोबारा खेलने के समय का पता लगाने के लिए अभी और जांच की आवश्यकता है।”

न्यूजीलैंड ने बे ओवल में खेले गए सीरीज के पहले मैच को 7 विकेट से गंवा दिया था। मंगलवार को सेडन पार्क में सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा, जिसके लिए न्यूजीलैंड की टीम सोमवार को हैमिल्टन पहुंच गई।

इससे पहले, एनजेडसी ने बताया था कि लेग-स्पिनर ईश सोढ़ी ट्रेनिंग के दौरान अंगूठा टूट जाने के कारण साउथ अफ्रीका के खिलाफ जारी सीरीज से बाहर हो गए हैं। सोढ़ी को शनिवार को बे ओवल में गेंदबाजी करते समय चोट लगी थी। स्कैन से पता चला कि उनके अंगूठे में फ्रैक्चर है, जिसके कारण उन्हें कम से कम चार हफ्तों तक क्रिकेट से दूर रहना पड़ेगा। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने स्पष्ट तौर पर कहा था कि वे सोढ़ी की जगह किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में नहीं बुलाएंगे, खासकर तब जब दूसरे और तीसरे मैच के लिए लॉकी फर्ग्यूसन टीम के साथ जुड़ने वाले हैं।

दोनों देशों के बीच पांच मुकाबलों की टी20 सारीज के शेष मैच 17 मार्च (हैमिल्टन), 20 मार्च (ईडन पार्क), 22 मार्च (वेलिंगटन) और 25 मार्च (क्राइस्टचर्च) में खेले जाने हैं।