Friday, May 29, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय राज्यसभा चुनाव जीतकर दिल्ली पहुंचे नितिन नवीन का हवाई अड्डे पर जोरदार...

राज्यसभा चुनाव जीतकर दिल्ली पहुंचे नितिन नवीन का हवाई अड्डे पर जोरदार स्वागत

0
14

नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राज्यसभा चुनाव जीतकर मंगलवार को नई दिल्ली पहुंचे हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हवाई अड्डे पर पहुंचकर उनका स्वागत किया। सांसद मनोज तिवारी और बांसुरी स्वराज ने भी उनका वेलकम किया। वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए। उन्होंने सभी का अभिवादन किया।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने नितिन नवीन के राज्यसभा जाने पर उनको बधाई दी। उन्होंने राज्यसभा चुनाव में जीत को लेकर कहा कि बिहार की पांच की पांचों सीट हमने जीत ली। जबकि ये कहा जा रहा था कि पांचवीं सीट फंस सकती है। विधायकों ने अंतरआत्मा से वोट दिया और पांचवीं सीट भी हम जीत गए। राज्यसभा सदस्य के तौर पर नितिन नवीन पहली बार दिल्ली आए हैं, इसलिए हम लोगों ने उनका स्वागत किया।

सांसद बांसुरी स्वराज ने भी नितिन नवीन के राज्यसभा जाने पर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता को हार्दिक बधाई। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास नीतियों में अपार विश्वास का परिणाम है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी का कार्यकर्ता उनसे रूठा हुआ है।

बता दें कि सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्यसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए इस जीत के लिए एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी थी। उन्होंने एनडीए के विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा था कि बिहार के लोग एनडीए के नेतृत्व में आगे बढ़ने को तैयार हैं।

नितिन नवीन ने कहा था कि एनडीए पूरी मजबूती से यहां के लोगों के साथ है। अब तक मैं विधानसभा में अपनी बात रखता था, अब यहां की समस्याओं को उच्च सदन में रखूंगा। उन्होंने कहा कि यह जीत न केवल हमारी एकजुटता का परिणाम है, बल्कि यह पांच राज्यों में होने वाले चुनाव के पहले की एनडीए की जीत की आहट है।