सीएम रेखा गुप्ता ने निर्मल छाया कॉम्प्लेक्स का किया दौरा, महिलाओं और बच्चों के लिए हो रहे सशक्त प्रयासों को देखा

0
7

नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को निर्मल छाया कॉम्प्लेक्स का दौरा किया और महिलाओं एवं बच्चों के लिए हो रहे सशक्त प्रयासों को देखा।

सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि निर्मल छाया कॉम्प्लेक्स का दौरा कर महिलाओं और बच्चों के लिए हो रहे सशक्त प्रयासों को करीब से देखा। उन्होंने आगे कहा कि महिला हाट, समर्थ आंगनवाड़ी और संकल्प हब में कार्यरत बहनों की मेहनत, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता प्रेरणादायक है। बच्चों से संवाद कर उन्हें स्कूल बैग और आवश्यक सामग्री दी, वहीं माताओं को स्वास्थ्य किट वितरित किया।

उन्होंने कहा कि इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्पण और सेवा भावना को सम्मान देते हुए उन्हें प्रोत्साहन राशि दी। बाल कल्याण को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सशक्त बनाने के लिए जुवेनाइल जस्टिस मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन पोर्टल का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हमारा संकल्प है कि हर मां सशक्त हो, हर बच्चा सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़े।

इससे पहले सीएम रेखा गुप्ता ने अन्य ‘एक्स’ पोस्ट में कहा कि कर्तव्य, निस्वार्थ समर्पण और सेवा, इन्हीं मूल्यों से राष्ट्र की दिशा तय होती है, और इनका सजीव रूप है हमारी नारी शक्ति। आज आयोजित ‘नारी उत्सव’ के अवसर पर मातृशक्ति के इस अदम्य संकल्प और ऊर्जा का साक्षी बनने का अवसर मिला।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की नारी शक्ति आज परिवर्तन की अग्रदूत है। गांवों के उद्यम से लेकर वैश्विक कॉरपोरेट तक, जनसेवा से लेकर रक्षा बलों तक, वह ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को गति दे रही है। दिल्ली में भी हमारा प्रयास है कि हर बहन, हर बेटी आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़े। पोषण से प्रगति तक, सुरक्षा से स्वाभिमान तक, आंगनवाड़ी क्रेच सेंटर, सहेली पिंक कार्ड, लखपति बिटिया योजना, कोलैटरल-फ्री लोन और सुरक्षित कार्य वातावरण जैसे कदम इसी व्यापक दृष्टि का हिस्सा हैं। जब नारी शक्ति आगे बढ़ती है, तब राष्ट्र नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता है। यही विकसित भारत, विकसित दिल्ली की सबसे सशक्त नींव है।