Monday, August 3, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय अफगानिस्तान में पाकिस्तानी हवाई हमले के बाद यूएनएएमए की अपील, तनाव कम...

अफगानिस्तान में पाकिस्तानी हवाई हमले के बाद यूएनएएमए की अपील, तनाव कम करने और युद्धविराम की मांग

0
27

काबुल, 17 मार्च (आईएएनएस)। अफ़ग़ानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (यूएनएएमए) ने मंगलवार को अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक पुनर्वास अस्पताल पर पाकिस्तान के हमले के बाद हालात को लेकर गहरी चिंता जताई और तुरंत तनाव कम करने व युद्धविराम की अपील की।

मिशन के अनुसार, सोमवार रात पाकिस्तान की सैन्य कार्रवाई में ओमिद एडिक्शन ट्रीटमेंट अस्पताल को निशाना बनाया गया, जहां नशे के आदी लोगों का इलाज किया जाता था। इस हमले में इलाज करा रहे 400 से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।

यूएनएएमए ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मिशन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत किसी भी संघर्ष में बीमारों, घायलों, चिकित्सा कर्मियों, अस्पतालों और एंबुलेंस की सुरक्षा सुनिश्चित करना अनिवार्य है और अस्पतालों व नागरिक ठिकानों पर हमला सख्त रूप से प्रतिबंधित है।

यूएनएएमए ने बताया कि 26 फरवरी से लेकर 16 मार्च से पहले तक, अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के कारण कम से कम 76 नागरिकों की मौत और 213 लोग घायल हो चुके हैं।

इस बीच, अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल मतीन काने ने चेतावनी दी कि इस हमले का “मुंहतोड़ जवाब” दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य जारी है।

काने ने इस हमले को अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन बताते हुए कहा, “ऐसे हमले बिना जवाब के नहीं रहेंगे।”

हाल के हफ्तों में हवाई हमलों, तोपखाने की गोलाबारी और दोनों देशों के बीच आरोप-प्रत्यारोप के चलते अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव में तेजी से बढ़ोतरी देखी गई है।