मध्य प्रदेश में गेहूं उपार्जन के लिए चार लाख ज्यादा किसानों ने कराया पंजीयन: कंषाना

0
7

भोपाल, 18 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरकार द्वारा गेहूं खरीदी का सिलसिला 1 अप्रैल से शुरू किया जाने वाला है। इस बार बीते साल की तुलना में लगभग 4 लाख ज्यादा किसानों ने पंजीयन कराया है।

किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा कि राज्य सरकार ने रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। प्रदेश में गेहूं उपार्जन कार्य चरणबद्ध रूप से प्रारंभ किया जाएगा। गेहूं खरीदी में किसानों को बिल्कुल परेशानी नहीं होगी।

मंत्री कंषाना ने कहा कि इंदौर, उज्जैन, भोपाल एवं नर्मदापुरम संभागों में गेहूं खरीदी एक अप्रैल से शुरू होगी, जबकि शेष संभागों में 7 अप्रैल से खरीदी प्रारंभ की जाएगी। गेहूं उपार्जन शासकीय कार्य दिवसों में प्रतिदिन सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक किया जाएगा, जिससे किसानों को सुविधाजनक समय मिल सके। राज्य सरकार ने किसानों को अतिरिक्त लाभ देने के उद्देश्य से गेहूं खरीदी पर 40 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही अब किसानों से गेहूं की खरीदी 2625 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी।

उन्होंने कहा कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए प्रदेश के कुल 19 लाख 4 हजार 651 किसानों ने पंजीयन कराया है, जो पिछले वर्ष के 15 लाख 44 हजार किसानों की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यह किसानों का सरकार की नीतियों पर बढ़ता विश्वास दर्शाता है।

मंत्री कंषाना ने कहा कि सरकार किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सभी खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए ठंडे पेयजल, पंखों, छाया तथा आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जा रही है, जिससे किसानों को धूप में खड़े होकर किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध ढंग से संचालित की जाए तथा किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।