जम्मू-कश्मीर, 20 मार्च (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर टूरिज्म ने घोषणा की है कि वे 14 और 15 अप्रैल 2026 को ‘कश्मीर ट्रैवल मार्ट-2026’ का आयोजन करेंगे। इस आयोजन में देश के 20 से अधिक राज्यों से लगभग 250 स्टेकहोल्डर्स हिस्सा लेंगे।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘जम्मू-कश्मीर पर्यटन 14-15 अप्रैल को ‘कश्मीर ट्रैवल मार्ट-2026’ की मेजबानी करेगा। इसमें देशभर के 20 से अधिक राज्यों से करीब 250 हितधारक शामिल होंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह एक महत्वपूर्ण पहल है जिसका उद्देश्य पर्यटन संबंधों को मजबूत करना और कश्मीर को वैश्विक स्तर पर प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करना है।’’
इस दो दिवसीय कार्यक्रम में क्राफ्ट सफारी, विशेष रूप से तैयार किए गए डेस्टिनेशन टूर और बी2बी मीटिंग्स शामिल होंगी, जिनके जरिए टूरिज्म इंडस्ट्री के कश्मीर की खूबसूरती, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को नजदीक से समझ पाएंगे।
आयोजकों का कहना है कि यह पहल स्टेक होल्डर्स को कश्मीर की संस्कृति, पारंपरिक शिल्पकला और मेहमाननवाजी का एक समृद्ध और यादगार अनुभव भी प्रदान करेगी।
जम्मू-कश्मीर के पर्यटन विभाग का उद्देश्य इस इवेंट के माध्यम से टूरिज्म से जुड़े विभिन्न क्षेत्रीय और राष्ट्रीय संबंधों को मजबूत करना है। साथ ही, यह आयोजन कश्मीर को दुनिया के बेहतरीन ट्रैवल डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम है। यह इवेंट कश्मीर की टूरिज्म संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उजागर करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।
पिछले वर्षों में कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता, हिमालय की चोटियां, झीलें, बाग-बगीचे और ऐतिहासिक धरोहरों ने इसे ट्रैवलर्स के लिए पसंदीदा डेस्टिनेशन बना दिया है। ‘कश्मीर ट्रैवल मार्ट-2026’ इन्हीं अवसरों को पेश करते हुए इंडस्ट्री को कश्मीर के टूरिज़्म सेक्टर में नए निवेश और साझेदारी के लिए प्रेरित करेगा।
आयोजक उम्मीद कर रहे हैं कि यह आयोजन स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के साथ ही कश्मीर की पर्यटन संभावनाओं को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करेगा। इस तरह, यह आयोजन कश्मीर के लिए नए टूरिज्म अवसरों और व्यावसायिक सहयोग के द्वार खोलेगा। ‘कश्मीर ट्रैवल मार्ट-2026’ न केवल व्यापारिक नेटवर्क को मजबूत करेगा बल्कि यात्रियों और टूरिज्म पेशेवरों के लिए कश्मीर की बहुआयामी सुंदरता और सांस्कृतिक धरोहर का एक अद्वितीय अनुभव भी सुनिश्चित करेगा।

