Wednesday, May 27, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth आईआईएससी बेंगलुरु में सीनियर इंजीनियर समेत 35 पदों पर भर्ती, 6 अप्रैल...

आईआईएससी बेंगलुरु में सीनियर इंजीनियर समेत 35 पदों पर भर्ती, 6 अप्रैल तक फॉर्म भरने का मौका

0
28

बेंगलुरु, 20 मार्च (आईएएनएस)। देश के टॉप शैक्षणिक और शोध संस्थानों में से एक इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस (आईआईएससी) में नौकरी करने की ख्वाहिश रखने वालों के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु ने सीनियर इंजीनियर सहित कुल 35 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

आईआईएससी बेंगलुरु की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया 16 मार्च से शुरू हो गई है। अप्लाई करने की अंतिम तिथि 6 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आईआईएससी ने जिन 35 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें सीनियर इंजीनियर के 5, प्रिंसिपल प्रोजेक्ट असोसिएट के 10, सीनियर प्रोजेक्ट असोसिएट के 10 और प्रोजेक्ट असोसिएट-II के 10 पद शामिल हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद अनुसार बीई/बीटेक या एमई/एमटेक की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।

अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु पद अनुसार 35 से 50 साल के बीच निर्धारित की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि यानी 6 अप्रैल के आधार पर की जाएगी।

योग्य उम्मीदवारों का चयन शॉर्टलिस्टिंग, लिखित परीक्षा/इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित अभ्यर्थियों की सैलरी पद अनुसार 34,000 से 1,00,000 रुपए प्रति महीने होगी।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आईआईएससी बेंगलुरु की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद जारी पद से संबंधित सक्रिय एप्लीकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। फिर फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में रजिस्ट्रेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकाल लें।