Thursday, May 28, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth बीईएल में डिप्टी मैनेजर पदों पर खुली वैकेंसी, 8 अप्रैल तक आवेदन...

बीईएल में डिप्टी मैनेजर पदों पर खुली वैकेंसी, 8 अप्रैल तक आवेदन का अवसर

0
27

पुणे, 20 मार्च (आईएएनएस)। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) में शामिल होने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। बीईएल ने डिप्टी मैनेजर (ई-IV) के कुल 5 पदों पर भर्ती के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है।

बीईएल की ओर से जारी पदों के लिए ऑफलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया 18 मार्च से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 8 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद अनुसार बीई/बीटेक में इंजीनियरिंग की डिग्री, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस/आईटी में होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास तय सालों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।

कैंडिडेट्स की अधिकतम आयु 40 साल निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 मार्च के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य उम्मीदवारों का चयन लिखित टेस्ट, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 60,000 से 1,80,000 रुपए के बीच प्रति महीने होगी।

आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित एप्लीकेशन फीस का भुगतान करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्यूएस के लिए 472 रुपए हैं। वहीं, आरक्षित वर्ग से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले बीईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद से जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन को डाउनलोड करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को फॉर्म के साथ अटैच करें। फिर आवेदन को एक लिफाफे में डालकर उसे ‘एजीएम (एचआर एंड ए) भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, पुणे यूनिट, एनडीए रोड पाषाण, पुणे, 411021’ इस पते पर पोस्ट कर दें।