Friday, June 19, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय अमेरिका-इजरायल के ईरान पर किए गए हमलों की सरकार ने अब तक...

अमेरिका-इजरायल के ईरान पर किए गए हमलों की सरकार ने अब तक नहीं की निंदा : जयराम रमेश

0
21

नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर किए गए हमले को लेकर कहा कि हवाई हमले शुरू हुए ठीक 21 दिन बीत चुके हैं। प्रधानमंत्री की इजरायल यात्रा से वापसी को भी 23 दिन हो चुके हैं, जिसका खूब प्रचार किया गया था।

उन्होंने कहा कि क्या मोदी सरकार ने अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर किए गए भारी हवाई हमले की निंदा या आलोचना की है, जिसके कारण भारत सहित हर जगह गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। इसका सीधा सा उत्तर है कि अब तक नहीं। क्या मोदी सरकार ने अमेरिका व इजरायल की ओर से किए गए हमलों में ईरान के शीर्ष नेताओं की मौत की निंदा या आलोचना की? उत्तर है नहीं।

जयराम रमेश ने कहा कि क्या मोदी सरकार ने अमेरिका और इजरायल की ओर से सत्ता परिवर्तन और राज्य के पतन के लिए किए जा रहे क्रूर प्रयासों की निंदा या आलोचना की है, जिससे ईरान में गृहयुद्ध छिड़ सकता है? उत्तर है नहीं।

क्या मोदी सरकार ने ईरान पर बमबारी और खाड़ी देशों में ऊर्जा व अन्य आवश्यक बुनियादी ढांचे पर ईरान के हमलों को तत्काल रोकने के लिए गंभीर राजनयिक प्रयास और पहल की हैं? क्या प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति और इजरायली प्रधानमंत्री के साथ अपनी बहुचर्चित मित्रता का इस्तेमाल युद्धविराम कराने के लिए किया है? उत्तर है नहीं।

उन्होंने कहा कि ये चारों ‘नहीं’ भारत के सभ्यतागत मूल्यों के प्रति नैतिक कायरता और राजनीतिक विश्वासघात को दर्शाते हैं।

बता दें कि अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष चल रहा है। अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खेमेनेई की मौत हो गई थी। इसके बाद ईरान ने भी इजरायल और अमेरिकी ठिकानों पर भीषण हमले किए हैं। ईरान ने हाल ही में कतर के एनर्जी इंफ्रास्टक्चर पर हमला किया, जिससे कतर को भारी नुकसान पहुंचा है।